बालोतरा औद्योगिक  फैक्ट्री में भीषण आग, दो श्रमिक जिंदा जले
बाड़मेर। 
बाड़मेर ज़िले की वस्त्र नगरी बालोतरा के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक टेक्सटाइल फैक्ट्री में शनिवार तड़के लगी भीषण आग में दो श्रमिक जिंदा जल गए। इस फैक्ट्री में लगी आग को काबू पाने में दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब चार घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जिंदा जले दोनों श्रमिक उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे है और फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार शनिवार तड़के ढाई बजे औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एनआर इंडस्ट्रीज में कुछ लोगों ने आग की लपटे निकलती देखी। कपड़ों से भरी इस फैक्ट्री में रहने वाले श्रमिकों ने अपने स्तर पर पहले आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कपड़ों में आग तेजी से फैली। देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया। थोड़ी देर में एक दमकल मौके पर पहुंच गई। लेकिन आग की विकरालता को देखते हुए तीन दमकल और बुलाई गई। दमकलों के साथ ही लोगों ने भी राहत कार्य शुरू किए। बाद में आग की चपेट से अन्य इकाइयों को बचाने के लिए बाड़मेर से केयर्न इंडिया की एक दमकल को बुलाया गया। इस दौरान किसी ने बताया कि अंदर दो श्रमिक फंसे हुए है। भीषण आग के बावजूद कुछ लोगों ने निकट जाकर श्रमिकों को आवाज लगाई, लेकिन तब तक दम घुटने के कारण वे बेहोश हो चुके थे। दोनों श्रमिकों की आवाज नहीं आने के बाद राहत कार्य में तेजी लाई गई। सुबह करीब पांच बजे आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। इसके बाद राहतकर्मी फैक्ट्री में घुसे। उन्होंने वहां पर बुरी तरह झुलसे दो शव बरामद किए। दमकलकर्मियों का कहना है कि आग तेजी से फैलने के कारण दोनों श्रमिकों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया। अंदर ही बचने के प्रयास में छुप गए, लेकिन दम घुटने के कारण वे पहले बेहोश हो गए होंगे। इसके बाद कपड़ों में तेजी से फैली आग की चपेट में आने से दोनों श्रमिक जिंदा जल गए। पुलिस ने दोनों शव मोर्चरी में रखवाए है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top