राजे सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दी बड़ी सौगात, महंगाई भत्ते में 6 फ़ीसदी की बढोतरी
जयपुर 
केंद्र के बाद आखिरकार प्रदेश की वसुंधरा राजे सरकार ने भी सरकारी कर्मचारियों को सौगात दे दी है। सरकार ने एक आदेश जारी कर राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 6 फ़ीसदी की बढ़ोतरी कर दी है।
आदेश के अनुसार राज्य कर्मचारियों को वर्तमान में केन्द्रीय कर्मचारियों के समान मूल वेतन का 113 प्रतिशत मंहगाई भत्ता देय है।
भारत सरकार द्वारा केन्द्रीय कर्मचारियों के मंहगाई भत्ते में 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए एक जुलाई, 2015 से मंहगाई भत्ता 119 प्रतिशत घोषित किया गया है।
केन्द्र सरकार के अनुरूप राज्य सरकार द्वारा भी कर्मचारियों के मंहगाई भत्ते और पेंशनरों के मंहगाई राहत की दर को संशोधित करते हुए एक जुलाई, 2015 से वेतन या पेंशन का 119 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है।
यह 6 प्रतिशत बढे हुए मंहगाई भत्ते का लाभ राज्य कर्मचारियों के अतिरिक्त कार्य प्रभारित कर्मचारियों, पंचायत समिति, जिला परिषद के कर्मचारियों तथा राज्य के पेंशनरों को भी देय होगा।
आदेश में बताया गया है कि एक जुलाई, 2015 से 31 अगस्त, 2015 तक बढ़े हुए मंहगाई भत्ते की राशि संबंधित कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा की जायेगी तथा एक सितम्बर, 2015 से नकद भुगतान किया जायेगा। 
एक जनवरी, 2004 एवं उसके बाद नवनियुक्त राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनरों को बढ़े हुए मंहगाई भत्ते / मंहगाई राहत का भुगतान नकद देय होगा।

मंहगाई भत्ते या मंहगाई राहत में इस वृद्धि से लगभग 8 लाख कर्मचारी एवं लगभग 3.5 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। 

इस वृद्धि के फलस्वरूप राज्य सरकार पर चालू वित्तीय वर्ष में लगभग 640 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top