2014 Lok Sabha election: Voting continues for 64 seats in the 8th phaseस्मृति ईरानी से भिड़ी प्रियंका गांधी की पीए
नई दिल्ली/अमेठी। 
लोकसभा चुनाव के आठवें चरण में सात राज्यों की 64 सीटों के लिए मतदान जारी है। मतदान सम्पन्न होने के साथ ही राहुल गांधी, वरूण गांधी, राबड़ी देवी, शांता कुमार, बीसी खंडूरी, रमेश पोखरियाल और मुनमुन सेन समेत 897 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। 7 मई के मतदान के बाद लोकसभा की 502 सीटों पर चुनाव सम्पन्न हो जाएगा।
अमेठी संसदीय क्षेत्र के एक मतदान केन्द्र पर भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी की प्रियंका गांधी की पीए प्रीति साहू से कहासुनी हो गई। ईरानी ने प्रीति साहू पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया था। ईराने ने प्रीति साहू से कहा कि आप अमेठी की मतदाता नहीं है तो यहां क्या कर रही हैं? ईरानी ने प्रीति से आवश्यक कागजात दिखाने को कहा लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। प्रीति साहू ने भी स्मृति ईरानी पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच अमेठी के डीएम ने प्रीति साहू को अमेठी छोड़ने का आदेश दिया है।

राहुल गांधी को देखते ही लगाए हर हर मोदी के नारे

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी तिलोई के फूला गांव में एक स्कूल में बने मतदान केन्द्र पर पहुंचे तो उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल का फूल देखा। भाजपा का चुनाव चिन्ह देख राहुल गांधी भड़क गए। उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारियों को इस बारे में जानकारी दी। राहुल गांधी ने कहा,वह इस संबंध में चुनाव आयोग से औपचारिक शिकायत करेंगे। गौरतलब है कि पिछले 10 साल में पहली बार राहुल गांधी मतदान के दौरान अमेठी में हैं। इससे नाराज लोगों ने राहुल गांधी के सामने हर-हर मोदी के नारे लगाए। इस पर राहुल गांधी ने लोगों से कहा कि भाजपा में शामिल हो जाओ।

कुमार विश्वास ने लगाया बूथ लूटने का आरोप

अमेठी से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुमार विश्वास ने अमेठी के महमूदपुर में बूथ लूटे जाने का आरोप लगाया है। कुमार विश्वास ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के इशारे पर बूथ लूटा जा रहा है। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। विश्वास ने कहा,मैंने अमेठी के लोगों के लिए सब कुछ किया है। मेरे लिए कोई चुनौती नहीं है। मैंने हर गांव का दौरा किया है। आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से राहुल गांधी की शिकायत की है। पार्टी का आरोप है कि राहुल गांधी अपने निर्वाचन क्षेत्र में 15 गाडियों के काफिले के साथ घूम रहे हैं। पार्टी का कहना है कि राहुल गांधी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है।

स्मृति ईरानी ने लगाया भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप

उधर अमेठी से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के राज्य स्तर के नेताओं पर भाजपा के पोलिंग एजेंट(पोलिंग बूथ 2010-2011) को धमकाने का आरोप लगाया है। इससे पहले स्मृति ईरानी ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता जगदीशपुर के कैमा पोलिंग बूथ पर भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट कर रहे हैं। ईरानी ने ट्वीट किया: जो नीच राजनीति की बात करते हैं उन्हें बता दें कि उनके कार्यकर्ता कैमा बूथ पर मारपीट कर रहे हैं।

अमेठी में मतदान केन्द्र पर प्रदर्शन,जगनमोहन ने डाला वोट
जम्मू कश्मीर में बारामूला के पहलगान के पट्टन पोलिंग बूथ पर आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया। हमले में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। अमेठी में एक पोलिंग बूथ पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। ये लोग बूथ को काफी दूर शिफ्ट किए जाने के कारण प्रदर्शन कर रहे थे। वाईएसआर कांग्रेस के प्रमुख जगन मोहन रेड्डी ने कडप्पा में वोट डालने के बाद कहा कि आंध्र प्रदेश में उनकी पार्टी क्लीन स्वीप करेगी। रेड्डी ने कहा,16 मई का इंतजार कीजिए। गठबंधन के विकल्प खुले हैं क्योंकि राज्य को विकास की जरूरत है। इलाहाबाद में पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने अपनी पत्नी पूजा के साथ वोट दिया। मोहम्मद कैफ फूलपुर से कांग्रेस उम्मीदवार है।

राहुल का मोदी को जवाब,जाति नहीं कर्म नीच होते हैं

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को भाजपा के पीएम पद के नरेन्द्र मोदी को करारा जवाब दिया है। अमेठी में राहुल गांधी ने कहा,जाति नीच नहीं होती कर्म और सोच नीच होती हैं। राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी ने मोदी पर नीच राजनीति करने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में मोदी ने कहा था कि वह समाज के निचले तबके से आते हैं इसलिए विरोधी उन पर नीच राजनीति का आरोप लगाते हैं।

इन दिग्गजों के भाग्य का फैसला आज

आठवें चरण में आंध्र प्रदेश, उत्तराखण्ड,बिहार,हिमाचल प्रदेश,जम्मू कश्मीर,पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश 64 की सीटों के लिए मतदान हो रहा है। आंध्रप्रदेश में लोकसभा की सभी 25 सीटों के साथ विधानसभा की 175 सीटों के लिए भी मतदान हो रहा है। कांग्रेस के राहुल गांधी, आप के कुमार विश्वास, भाजपा के वरूण गांधी, स्मृति ईरानी,बीसी खंडूरी, रमेश पोखरियाल निशंक,भगत सिंह कोशियारी, टीडीपी के एन चंद्रबाबू नायडू, वाईएसआर कांग्रेस के जगन मोहन रेड्डी,विजयलक्ष्मी,कांग्रेस के हरक सिंह रावत,राजद की राबड़ी देवी, एलजेपी के राम विलास पासवान और टीएमसी की मून मून सेन की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top