भाजपा या कांग्रेस से हाथ मिलाना चाहते हैं आप विधायक
नई दिल्ली। 
लोकसभा चुनावों में खराब प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी (आप) में भी बगावत तेज होती जा रही है। दिल्ली के विधायक चाहते हैं कि पार्टी भाजपा या कांग्रेस से हाथ मिलाकर राजधानी की विधानसभा में सरकार बनाने की फिर कोशिश करे।
इस बीच, लोकसभा परिणाम आने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली आते ही केजरीवाल ने अपना गढ़ बचाने की कवायद शुरू कर दी है। इस संदर्भ में केजरीवाल ने सरकारी आवास पर विधायकों के साथ बैठक की।
बैठक में सभी विधायकों का हौसला बढ़ाते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी ने यह भी मान लिया है कि वह दिल्ली की जनता के दिलों में कांग्रेस का विकल्प बन चुकी है और अब सीधा मुकाबला भाजपा से है।
इसके लिए मुस्लिम वोटरों का पार्टी पर विश्वास करना भी अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह बैठक शनिवार शाम को तिलक लेन स्थित केजरीवाल के आवास पर हुई। बैठक लगभग एक घंटे से ज्यादा चली।
अधिकतर विधायकों को आश्वस्त किया गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हीं को उम्मीदवार बनाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार इस बैठक को बेहद ही गोपनीय तरीके से बुलाया गया। किसी भी विधायक या सदस्य को बैठक के संदर्भ में सार्वजनिक तौर पर कुछ भी बोलने से मना किया गया है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top