independent candidates cut BJP`s vote bank, reveals in survey

बाड़मेर, झुंझुनूं और नागौर में निर्दलीयों ने काटे भाजपा के वोट!
 जयपुर। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की 20 लोकसभा सीटों पर हुए चुनाव के बाद अब बूथों पर रहे वोटिंग ट्रेंड की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। अब तक के सर्वे में बाड़मेर, झुंझुनूं और नागौर में बागियों को मिले वोटों से पार्टी प्रत्याशी को नुकसान होने की जानकारी सामने आई है।

जसवंत ने लगाई बड़ी सेंध
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बूथ स्तर से मिले फीडबैक में बाड़मेर संसदीय क्षेत्र में भाजपा के बागी जसंवत सिंह ने पार्टी उम्मीदवार को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। ऎसे संकेत मिल रहे हैं कि जसवंत सिंह ने पार्टी के वोटों में सेंध लगाई है। इसका नुकसान भाजपा को हो सकता है। इसी तरह नागौर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा पृष्ठभूमि वाले निर्दलीय हनुमान बेनीवाल को मिले समर्थन ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। बूथ स्तर से मिल रहे फीडबैक के अनुसार बेनीवाल ने भाजपा के वोटरों को प्रभावित किया है। इसका फायदा कांग्रेस उम्मीदवार को मिल सकता है।

निर्दलीयों को समर्थन से राह मुश्किल
वहीं, झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र के बूथवार वोटिंग ट्रेंड में निर्दलीय डॉ. राजकुमार शर्मा को मिले समर्थन ने भाजपा को चौंका दिया है। चुनाव के आखिरी क्षणों में बदले मतदान समीकरणों से भाजपा प्रत्याशी की राह मुश्किल होने के संकेत मिल रहे हैं। अब भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों से बातचीत कर मतदान के दिन की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। भाजपा प्रदेश कार्यालय सभी 25 सीटों पर बूथवार वोटिंग ट्रेंड की जानकारी जुटा रहा है। ताकि चुनाव की सही तस्वीर सामने आ सके। हालांकि सभी को मतगणना का इंतजार है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top