राममय हुआ थार, झांकियों में उतरे मर्यादा पुरुषोत्तम
-श्रीरामनवमी पर भव्य शोभायात्रा निकली, भगवान राम के दर्शन करने और राम के अलग-अलग रूप देखने उमड़े शहरवासी
बाड़मेर ।
रामनवमी पर शहर के हाई स्कूल मैदान से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इसमें संतों के सानिध्य में 32 झांकियां शामिल हुई। हाई स्कूल मैदान से रवाना हुई शोभायात्र में सबसे आगे धर्म पताका लिए दो घुड़सवार, बैंड बाजे राम भजनों की स्वर लहरियां बिखेर रहे थे। इसके बाद बड़ी संख्या में मंगल कलश धारण किए मातृशक्ति चल रही थी। पहली झांकी के रूप में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का रथ था। रथ के बाद तीन घुड़सवार, डीजे की धुनों पर थिरकते युवा और तलवार वाहिनी अपनी अलग ही छटा का परिचय दे रही थी। और यहां से विभिन्न देवी-देवताओं की 32 झांकियां निकाली गई। श्रीराम का जन्मोत्सव मंगलवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। शहर में निकली झांकियों से माहौल राममय हो गया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा का कई जगहों पर पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।
वंदना से शोभायात्रा का आगाज
विश्व हिंदू परिषद से संबद्ध श्रीरामनवमी महोत्सव समिति के बैनर तले विभिन्न समाजों व संस्थाओं की झांकियां हाई स्कूल मैदान में एकत्रित हुईं। यहां मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की रथ पर सवार झांकी के समक्ष हमीरपुरा मठ के नारायणपुरी महाराज, गंगागिरी मठ के खुशालगिरी महाराज, केकड़ रामद्वारा के संत सीताराम महाराज समेत अन्य संतों व आरएसएस के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य नंदलाल जोशी, स्वागताध्यक्ष राजेंद्रसिंह चैहान आदि ने श्रीराम की आरती कर जयघोष के साथ शोभायात्रा को रवाना किया। यहीं पर नव वर्ष 2071 कलैंडर का विमोचन भी किया गया।
झांकियां रहीं खास
शोभायात्रा में विभिन्न समाजों की झांकियां शामिल हुईं। श्री भृगुवंशीय देशांतरी समाज की भगवान शिव-शनिदेव, नवदुर्गा नवयुवक मंडल की राम-लक्ष्मण, महाराजा पब्लिक स्कूल की भारत माता, श्री जैन अरिहंत ग्रुप की हनुमान, राजपूत समाज की राम दरबार, श्री पीपा क्षत्रिय समाज की गुरु पूजा, मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की राक्षस वध, आदर्श विद्या मंदिर की सीता स्वयंवर, खटीक समाज की राम दरबार, किसान केसरी स्कूल की राम दरबार, आदर्श जाट महासभा की ब्रह्मा-विष्णु-महेश, सिंधी काॅलोनी शिव परिवार, राजपुरोहित समाज की ब्रह्मा जी, जोगी समाज की भजन मंडली, चारण समाज की राम और लव-कुश, श्री पाश्र्व जैन मंडल तुलसी तिलक, संत आसाराम आश्रम की राम-सीता-लक्ष्मण पुष्प चुनते हुए, ढाट माहेश्वरी पंचायत की रामेश्वरम् पूजा, सैन समाज की रामेश्वरम् पूजा, रावणा राजपूत समाज की राम-लक्ष्मण, पवन आसेरी ग्रुप की सुरसा के मुंह में हनुमान, श्री कृष्ण कन्हैया सेवा समिति की सेतु निर्माण, शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण समाज की चरण पादुका पूजन, जटिया रैगर समाज की राम दरबार, ब्रह्मक्षत्रिय खत्री समाज की लव-कुश की कैद में हनुमान, गायत्री परिवार का विश्व शांति यज्ञ, श्री माहेश्वरी पंचायत की राम दरबार, आदि गौड़ ब्राह्मण समाज की राम-लक्ष्मण, गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज की भजन मंडली और पुष्करणा समाज की पादुका पूजन झांकी शामिल थी। शोभायात्रा में शामिल हुई सभी झांकियों के कलाकारों को सांत्वना पुरस्कार समिति की ओर से दिए गए। वहीं झांकी प्रतियोगिता का परिणाम शीघ्र जारी किया जाएगा।
मंदिर में उमड़ी भीड़
शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सदर बाजार स्थित वीर बालाजी हनुमान मंदिर पहुंची। जहां मंगल वेला में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया। इस मौके पर मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। मंदिर पुजारी की ओर से विशेष पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरण किया गया। प्रसाद की व्यवस्था नीलम वाच कंपनी की ओर से की गई थी। यहां पर श्री रामनवमी महोत्सव समिति की ओर से सभी को विक्रम संवत 2071 का कलैंडर भी निशुल्क वितरित किया गया।
जगह-जगह स्वागत
शोभायात्रा का शहर में कई स्थानों पर स्वागत किया गया। विभिन्न संगठनों की ओर से स्वागत द्वार लगाए गए थे। जहां जयघोष के साथ पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। वहीं कई स्थानों पर गर्मी को देखते हुए सेवाभावी लोगों ने ठंडा पानी, शीतल पेय, शरबत आदि की मनुहार की।
प्रबुद्धजन हुए शामिल
शोभायात्रा में पुखराज गुप्ता, ओमप्रकाश गर्ग ’मधुप’, गिरधारीदान, छत्तुमल तनसुखानी, जगदीश खत्री, चेलाराम सिंधी, किशोर भार्गव, पुरुषोत्तमदास बिंदल, स्वरूपसिंह भदरू, भवानी प्रकाश दर्जी, महेंद्र पुरोहित, खेमीचंद सोलंकी, रमेशसिंह ईंदा, गोपालसिंह वीदावत, हनुमानचंद बोहरा, किशोर शर्मा, भवानीशंकर राठी, अरुणकुमार रामावत, स्वरूपसिंह खारा, रणवीरसिंह भादू, सुखदेव सोनी, पवन संखलेचा, विजेंद्र गोदारा, अंबालाल जोशी, ओमप्रकाश चंडक, रोचोमल सिंधी, रतन सिंहल, लखसिंह भाटी, भरत मूंदड़ा, अशोक सारला, देवेंद्र सैन, दुर्गेश सोनी, ओम त्रि.वेदी, दिलीप दवे, श्रीकिशन गुप्ता, भुवनेश दवे, महिला मंडल की रेणु गौड़, मंगला मूंदड़ा, पुष्पा चंडक, श्यामा सोनी, रेणू दर्जी, दिवेश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें