भाजपा ने स्टिंग को बताया कांग्रेस की साजिश, चुनाव आयोग से प्रसारण पर रोक की मांग
नई दिल्ली।
लोकसभा चुनाव से पहले कोबरा पोस्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। कोबरा पोस्ट के मुताबिक संघ परिवार की विभिन्न शाखाओं ने 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में विवादित ढांचे के विध्वंस के लिए योजना बनाई थी। कोबरा पोस्ट ने एक स्टिंग ऑपरेशन करके यह खुलासा किया है। हालांकि भाजपा का कहना है कि यह स्टिंग ऑपरेशन कांग्रेस की साजिश है। भाजपा ने स्टिंग के समय पर सवाल उठाए हैं। भाजपा का कहना है कि स्टिंग ऑपरेशन प्रोयोजित है और इसका मकसद देश में चुनावी माहौल को खराब करना है।
पार्टी नेता मुख्तार अब्बास नकवी कहना है कि चुनाव के वक्त माहौल खराब करने के मकसद के लिए यह कांग्रेस की साजिश है। भाजपा इस मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग गई है। साथ ही पार्टी ने चुनाव आयोग से इसके प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि स्टिंग के प्रसारण से देश में शांति और सौहार्द को खतरा हो सकता है।
क्या कहता है स्टिंग
स्टिंग में बताया गया है किविवादित ढांचे के विध्वंस की योजना काफी गुपचुप तरीके से बनाई गई थी। यह सैन्य योजना की तर्ज पर तैयार की गई थी। इसके लिए बाकायदा कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी गई। उन्हें सभी तरह की मदद मुहैया कराई गई। प्रशिक्षित कार्यकर्ता भीड़ में शामिल हो गए और विवादित ढांचे को गिरा दिया। ट्रेनिंग के लिए जिन लोगों की भर्ती की गई थी उन्हें सिर्फ एक महीने पहले ही इस बारे में जानकारी दी गई थी। गुजरात में बजरंग दल ने 38 कैडरों के लिए एक महीने का प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा था। जिन लोगों ने प्रशिक्षण दिया वे सेना से रिटायर हुए उच्च पदाधिकारी थे। कोबरा पोस्ट ने इस दावे को खारिज किया है कि उन्मादी भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई थी और 16 वीं सदी का विवादित ढांचा गिरा दिया गया। कोबरा पोस्ट ने रामजन्मभूमि आंदोलन से जुड़े 23 लोगों का स्टिंग ऑपरेशन किया।
कोबरा पोस्ट के दावे के मुताबिक रामजन्म भूमि आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के बयानों को एकत्रित करने पर पता चला कि भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी,यूपी के तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी नरसिम्हा राव को विवादित ढांचा विध्वंस की योजना की पूरी जानकारी थी। कोबरा पोस्ट ने उमा भारती,साक्षी महाराज,आचार्य धर्मेन्द्र,महंत वेदांती,विनय कटियार का स्टिंग ऑपरेशन किया।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें