अमृतसर में रोड शो के दौरान धमाका, जेतली का हाथ झुलसा
अमृतसर।
गैस गुब्बारे में पटाखों की चिंगारी गिरने से हुए धमाके से अमृतसर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अरुण जेतली, मंत्री अनिल जोशी व प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा आग की लपट में आने से बाल-बाल बच गए। गैस गुब्बारों का धमाका इतना तेज था कि अरुण जेतली कुछ समझ नहीं सके। अरुण जेतली ने अपने पास ही खड़े कमल शर्मा के पीछे छिपकर आग से बचाव किया। आग के निकले एक बड़े गोले से अरुण जेतली का हाथ झुलस गया। अनिल जोशी व कमल शर्मा के माथे व सिर पर तेज सेंक लगा।
फोर व्हीलर पर सवार इन नेताओं पर मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने पानी की बोतल से बौछारें फेंकी। अरुण जेतली के झुलसे हुए हाथ पर पानी डाला। अनिल जोशी व कमल शर्मा ने सिर पर पानी की बोतल से पानी उड़ेलकर आग के शोलों की तपिश को ठंडा किया। गुब्बारों की गैस से कुछ पल के लिए ऑक्सीजन की कमी हो गई। कार्यकर्ताओं का सांस घुटने लगा। गुरु नगरी के मौसम में हवा चल रही थी, जिस कारण गैस गुब्बारों की हवा जल्दी ही ऊपर उड़ गई।
लगभग चार सौ गैस गुब्बारों के साथ नावल्टी चौक पर खड़े भाजपा के नेता पप्पू महाजन, पंजाब व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक अनिल मेहरा सहित दस लोग घायल हो गए। पप्पू महाजन व अनिल मेहरा का एक हाथ पूरी तरह से झुलस गया। अनिल मेहरा के माथे का कुछ हिस्सा जल गया है। पप्पू महाजन के मुंह व हाथ के साथ-साथ बाल भी जल गए। इनके साथ वार्ड नंबर 9 के भाजपा कार्यकर्ता रामू, फ्रेंडस ऑफ बीजेपी के वरिष्ठ नेता मोहित वर्मा, उनके भाई राजीव वर्मा, अर्जुन के हाथ झुलस गए।
घायलों को तुरंत श्री मुन्नीलाल चोपड़ा अस्पताल में दाखिल करवाया गया। प्रारंभिक इलाज के बाद भाजपा कार्यकर्ता जिसमें पप्पू महाजन भी शामिल थे, केडी अस्पताल में दाखिल हो गए। अरुण जेतली के स्वागत के लिए श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से काफिला उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के नावल्टी चौक में पहुंचा। मंत्री अनिल जोशी के इस विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने काफिले को देखते ही पटाखे चलाने शुरू कर दिए। पटाखों के शोर व धुएं से पूरा क्षेत्र भर गया। धुआं जिस तरफ जेतली व मंत्रियों का फोर व्हीलर खड़ा था, वहां जाना शुरू हो गया।
अचानक पटाखों की चिंगारियां फोर व्हीलर के कुछ ही दूरी पर पांच सौ गुब्बारे लेकर खड़े अनिल मेहरा व पप्पू महाजन तक पहुंचीं। चिंगारी लगते ही आग का एक बड़ा गोला निकला। चारों तरफ गैस फैल गई। हवा पीछे की तरफ की थी। जहां अरुण जेतली व मंत्रियों का फोर व्हीलर खड़ा था। आग का गोला उस तरफ चला गया, जिससे जेतली सहित अनिल जोशी, कमल शर्मा झुलस गए। बिक्त्रम मजीठिया दायीं तरफ खड़े थे। जिससे वह भी बाल-बाल बच गए।
धमाका सुनते ही बिक्रम मजीठिया व अन्य सुरक्षा कर्मचारियों ने फोर व्हीलर को घेर लिया। कुछ सुरक्षा कर्मचारी फोर व्हीलर के बोनेट पर चढ़ गए। बिक्रम मजीठिया ने तत्काल सुरक्षा कर्मचारियों को आदेश दिए कि यह आतिशबाजी व पटाखे बंद किए जाएं। पटाखे चला रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को सुरक्षा कर्मचारियों ने तत्काल रोक दिया। काफिला आगे बढ़ा। अरुण जेतली, कमल शर्मा व अनिल जोशी अपने रुमाल से हाथों व माथे को पोंछते हुए देखे गए। अरुण जेतली को संगत से मिले सिरोपे से ही अपने हाथों को सहलाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद कार्यकर्ताओं ने अरुण जेतली को बरनोल दी। उन्होंने अपने जले हुए हाथ पर बरनोल लगाई। बाद में यह बरनोल जोशी ,कमल शर्मा ने भी अपने जले हुए स्थानों पर प्रयोग की।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें