पं. नवलकिशोर शर्मा के कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्घाजंलि होगी -राज्यपाल
जयपुर।
राज्यपाल श्रीमती माग्र्रेट आल्वा ने कहा कि पूर्व मंत्री और गुजरात के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय नवल किशोर शर्मा ने अपने लम्बे राजनैतिक जीवन में गांधीवादी आदर्शों का पालन किया। उनका लोगों से निकटता से जुड़ाव रहा। वे सहकारी आंदोलन से भी जुड़े रहे। स्वतन्त्रता आन्दोलन में भी स्व. शर्मा का सक्रिय योगदान रहा। राज्यपाल ने कहा कि पंडित जी के कार्यों को आगे बढ़ा कर ही हम उन्हें सच्ची श्रद्घाजंलि दे सकते हैं।
श्रीमती आल्वा बुधवार को दौसा के खादी बाग में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थीं। राज्यपाल ने स्व. शर्मा की मूर्ति का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्वाजंलि दी। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारम्भ किया तथा इस अवसर पर आयोजित खादी की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
राज्यपाल ने कहा कि स्व. शर्मा स्पष्टवादी और ईमानदार थे। वे साफ दिल के इंसान थे, उनके मन में जो आता था, उसे स्पष्ट तौर पर कह देते थे।
श्रीमती आल्वा ने कहा कि तीस सालों तक राजनीति में स्व. शर्मा के साथ उन्हें भी कार्य करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि वे जमीन से जुड़े राजनीतिज्ञ थे। श्रीमती आल्वा ने कहा कि स्व. शर्मा ने दौसा में खादी ग्रामोद्योग के माध्यम से ग्रामीण कारीगरों के लिए अनुकरणीय कार्य किया। स्व. शर्मा के प्रयासों से ही दौसा में क्षेत्रीय खादी ग्रामोद्योग समिति की स्थापना हुई। इससे क्षेत्र के ग्रामीण कारीगरों के जीवन में सुधार हुआ। राज्यपाल ने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की कि समिति से लगभग दो हजार कारीगर सदस्य जुड़कर क्षेत्र में खादी के कार्य को बढ़ा रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि महिलाएं पैसों का बेहतर तरीके से सदुपयोग करना जानती हंै। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई, घर, परिवार और समाज की उन्नति के लिए महिलाओं के हाथों में भी पैसा आना जरूरी है। महिलाएं समाज के विकास के लिए बहुत कुछ कर सकती हैं। राज्यपाल ने कहा कि बेटे-बेटी में कोई फर्क नहीं है। दोनों की परिवरिश एक समान और भली भांति करें।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि दौसा का नाम देश और प्रदेश में ऊँचा उठाने और दौसा की पहचान बनाने वाले वरिष्ठ नेता स्व.पं. नवल किशोर की मूर्ति अनावरण से आने वाली नौजवान पीढ़ी उनके कृतित्व और व्यक्तित्व से प्रेरणा लेें तथा देश और प्रदेश की मजबूती में अपना योगदान करें।
समारोह के प्रांरभ में क्षेत्रीय खादी ग्रामोद्योग समिति के अध्यक्ष रामदास शर्मा ने स्व. पंडित नवल किशोर शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से विचार प्रकट करते हुए दौसा खादी ग्रामोद्योग संस्था की स्थापना से लेकर समिति के कार्र्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पूर्व मंत्री एवं खादी समिति के उपाध्यक्ष बृज किशोर शर्मा नेे आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि स्व. शर्मा द्वारा जिस संगठन की नींव रखी गयी है उसे निरन्तर गतिशील बनाये जाने के हर संभव प्रयास किये जायेंगे तथा जिले मे और संस्थाएं खोलने और इसमे अधिकाधिक कामगारों व बुनकरों को रोजगार के अवसर दिये जायेंगे।
समारोह के दौरान पूर्व मंत्री, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, खादी संस्थाओं में कार्यरत महिला व पुरुष, कातिन कामगार,स्व.पंडित नवल किशोर शर्मा के परिजनों सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें