राजस्थान में पायलट तो एमपी में यादव को कमान?
जयपुर/भोपाल।
विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद कांग्रेस ने राजस्थान और मध्यप्रदेश की कमान बदलने का फैसला ले लिया है। सूत्रों के अनुसार राजस्थान की बागडोर जहां सचिन पायलट को और एमपी की कमान अरूण यादव को सौंपी जाएगी। मालूम रहे कि गुरूवार को कांग्रेस आलाकमान ने दिल्ली और छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष बदले थे। दिल्ली में अरविन्दर लवली और छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल को नया प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
राजस्थान में पायलट होंगे नए सेनापति
सूत्रों के अनुसार राजस्थान में चारों खाने चित रहने वाली प्रदेश कांग्रेस को युवा नेतृत्व देने के लिए सचिन के नाम पर पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मुहर लग चुकी है। इस पर अब कभी भी अधिकारिक घोषणा हो सकती है। उल्लेखनीय है कि अजमेर से सांसद सचिन पायलट वर्तमान में बतौर केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रदेश और केन्द्र राजनीति में सक्रिय है। यह बता दें कि राहुल लम्बे समय से राजनीति में युवाओं को आगे लाने पर जोर देते रहे हैं।
चुनाव हारने के बाद पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रभान के इस्तीफे के बाद नए प्रदेशाध्यक्ष के चयन की बात करें तो उन्होंने यह बागडोर भी किसी युवा नेता को देने की प्राथमिकता रखी गई। ऎसे में सचिन को राहुल गांधी के नजदीकी चुनिंदा नेताओं में शामिल होने का फायदा मिलना तय था।
एमपी में अरूण यादव को बागडोर
वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस की कमान सांसद अरूण यादव को मिल सकती है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और सांसद मीनाक्षी नटराजन के नाम की भी चर्चा है। प्रदेशाध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को एक-दो दिन में पद से हटाया जा सकता है। विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त से पस्त कांग्रेस बदलावों में जुटी है। कांग्रेस आलाकमान ने मप्र में अरूण यादव को कमान देने के संकेत दिए हैं। यादव प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे सुभाष्ा यादव के पुत्र हैं।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक यदि ऎन मौके पर कोई बदलाव नहीं होता है, तो शुक्रवार या शनिवार को यादव के नाम का ऎलान हो सकता है। हालांकि अरूण यादव ने प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में होने से इनकार किया है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें