"राहुल के सर्वे में नाम...तो ही टिकट की उम्मीद""राहुल के सर्वे में नाम...तो ही टिकट की उम्मीद"
जयपुर।
विधानसभा चुनाव का टिकट मांग रहे पार्टी पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साफ कह दिया है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने छह तरह से सर्वे कराया है। अब उनमें आपका नाम हो तो कुछ हो सकता है, वरना कोई उम्मीद नहीं हैं। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को राहुल गांधी के दौरे के संबंध में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक थी। पूर्व मुख्यमंत्री हीरालाल देवपुरा को श्रद्धांजलि देने आए मुख्यमंत्री गहलोत भी बैठक में शामिल हुए। 

सूत्रों के अनुसार चर्चा के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि वे इतने समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, इसलिए उन्हें भी टिकट मिलने चाहिए, वरना कौन पूछेगा। मुख्यमंत्री ने उनकी बात को सही माना, लेकिन यह भी कह दिया कि राहुल गांधी के पास पर्यवेक्षकों, निजी एजेंसी, आईबी, प्रदेश चुनाव समिति की रिपोर्ट सहित कुल छह तरह के सर्वे की रिपोर्ट है।

जिनका नाम इनमें हैं, उनके लिए तो फिर भी कोई उम्मीद है, बाकी के लिए कोई उम्मीद नहीं है। हम भी उन्हीं की मदद कर सकते हैं, जिनके नाम इन सर्वे रिपोर्टो में हो। इस पर एकबारगी सभी चुप्पी साध गए। कुछ पदधिकारियों ने कहा कि जो टिकट नहीं मांग रहे, उनका भी ध्यान रखा जाए। इस पर गहलोत ने माना कि पिछली बार कुछ गलती रह गई और आखिरी समय तक नियुक्तियां हुई, लेकिन इस बार ऎसा नहीं करेंगे।

चुनाव बाद देखेंगे कौन बनेगा सीएम - गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हमारा पहला मकसद चुनाव जीतना है। मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह चुनाव के बाद की बात है। उन्होंने प्रत्याशियों की पहली सूची इसी माह के अंत तक आने के संकेत भी दिए। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया आराम से चल रही है। कोई पूर्वाग्रह या गुटबाजी नहीं है। 

पहली सूची की तारीख वैसे तो अध्यक्ष ही बताएंगे, लेकिन संभावना है कि इस माह के अंत तक नाम आने लगेंगे। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को मौका दिए जाने के बारे में कहा कि राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि जहां संभव होगा, वहां नए चेहरे आएंगे। उनकी जीत की संभावना और पार्टी में किए काम को देखा जा रहा है। राहुल गांधी ने जो पैटर्न अपनाया है, उससे टिकट में निचले स्तर तक के कार्यकर्ता की भागीदारी हो गई है। 

विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं 

भाजपा पर निशाना साधते हुए गहलोत ने कहा कि उनका ब्लैक पेपर तो अपने आपमें व्हाइट हो गया। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है तो लोगों का मनोबल तोड़ा जा रहा है। वे अपने कार्यकाल की पांच उपलब्घियां भी नहीं बता पा रहे हैं। साढ़े चार साल तक तो विपक्ष गायब रहा। उनको मालूम नहीं साढ़े चार साल में हमने क्या-क्या फैसले किए। मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को हटाए जाने की विपक्ष की मांग पर गहलोत ने कहा कि केन्द्र के कानून को लागू कराने की जिम्मेदारी मुख्य सचिव की ही है, इसलिए यह मांग ही गलत है।

पैनल का काम जारी 

सूत्रों के अनुसार छानबीन समिति में रखे जाने के लिए विधानसभा वार टिकटों के पैनलों को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है। दिल्ली में 14-15 को छानबीन समिति की बैठक होनी है। बैठक में चर्चा के बाद केन्द्रीय चुनाव समिति के पास भेजी जाने वाली सूची तैयार होगी।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top