राबड़ी के हाथों में सौंपी राजद की कमान
पटना।
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को राष्ट्रीय जनता दल की कमान सौंप दी गई है। पटना में रविवार को हुई पार्टी की बैठक में यह फैसला लिया गया। राबड़ी देवी ने हाल ही में कहा था कि वह अपने बेटे के साथ उसी तरह पार्टी चलाएंगी जिस तरह सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी कांग्रेस को चला रहे हैं।
राबड़ी देवी ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि मैं न तो सारण और न ही किसी अन्य सीट से लोकसभा चुनाव लड़ूंगी। बेटी मीसा भी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। पहले समाचार चैनलों ने खबर दी थी कि राबड़ी सारण और उनकी बेटी मीसा पाटलिपुत्र से लोकसभा चुनाव लड़ सकती है।
चारा घोटाले में लालू प्रसाद यादव को पांच साल जेल की सजा सुनाई गई है। दो साल से ज्यादा सजा होने के कारण लालू की लोकसभा सदस्यता रद्द हो गई है। इस कारण संभावना बनी थी कि राबड़ी देवी लालू की सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती है।
लालू ने 2004 और 2009 में सारण लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। चारा घोटाले में जब लालू पहली बार जेल गए थे तब उन्होंने राबड़ी देवी को बिहार का मुख्यमंत्री बनवा दिया था।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें