"आपका चौकीदार तो बनाओ, 60 महीने में देश बदल दूंगा"
झांसी। 
"आपका चौकीदार तो बनाओ, 60 महीने में देश बदल दूंगा"भाजपा के पीएम पद उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को यूपी के झांसी जिले में चुनावी सभा को संबोधित किया। हमेशा की तरह मोदी इस सभा में भी पूरे तेवर में दिखाई दिए। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वो भाजपा को सिर्फ 60 महीने का समय दें भाजपा जनता की तकदीर और देश की तस्वीर दोनों बदल देगी। उन्होंने आम जनता से कहा कि आपने कांग्रेस को पिछले 60 सालों से झेला है, हमें सिर्फ 60 महीने देकर देखिए।

मोदी ने कहा कि राहुल गांधी आजकल रैलियों में एक नया नारा देते फिर रहे हैं कि पूरी रोटी खाएंगे और कांग्रेस को लाएंगे। पिछले 60 सालों में कांग्रेस आधी रोटी से पूरी रोटी पर पहुंची है तो वो गरीबों का पेट भरने में 100 साल लगाएगी।

गरीब की झोपड़ी राहुल के पूर्वजों का पराक्रम
मोदी ने कहा कि राहुल गांधी अपने पूर्वजों के काम का पराक्रम देखने गरीब की झोपड़ी में जाते हैं। उनके पूर्वजों ने जनता को गरीब ही बनाया है।

स-ब-का तिकड़ी ने मिलकर लूटा
अपनी रैली में मोदी ने स-ब-का की एक नई तिकड़ी का उल्लेख किया स माने-सपा, ब माने-बसपा और का माने-कांग्रेस। उन्होंने कहा कि इन तीनों ही पार्टियों ने मिलकर देश को लूटा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का साथ सपा और बसपा देती हैं।

मैं रोने-धोने नहीं, आंसू पोंछने आया हूं
मोदी ने राहुल के भाषणों पर कटाक्ष किया जिसमें राहुल गांधी अपनी इमोशनल कहानी सुनाकर देश की जनता को भावुक करने की कोशिश कर रहे थे। मोदी ने झांसी में भाषण के शुरूआत में ही कहा कि मैं यहां पर रोने-धोने नहीं बल्कि आपके आंसू पोंछने आया हूं।

किस हैसियत से राहुल को खुफिया जानकारी दी गई?
राहुल गांधी ने कल कहा था कि मुजफ्फरनगर में हुए दंगों के बाद आईएसआई के लोग दंगा पीडित मुस्लमान लड़कों के संपर्क में हैं, उन्हें ये जानकारी आईबी ने दी है। मोदी ने
राहुल के कल के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैं जहां तक जानता हूं राहुल गांधी एक सांसद ही हैं फिर उन्हें किस नियम के तहत देश की खुफिया जानकारी मुहैया कराई गई
है।

क्या राहुल को सिख दंगों पर पीड़ा हुई

मोदी ने कहा कि राहुल ने अपनी दादी की हत्या की बात बताते हुए कहा था कि उन्हें बहुत पीड़ा हुई और गुस्सा भी आया जो कि स्वाभाविक भी है। मोदी ने पूछा कि क्या कांग्रेसी
नेताओं के इसी गुस्से के चलते हजारों सिखों का दिल्ली में कत्लेआम कर दिया गया। क्या राहुल गांधी को उसकी पीड़ा नहीं हुई? अबतक किसी भी कांग्रेसी नेता को उस मामले में
सजा नहीं हुई है।

राहुल नाम बताएं या सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे
मोदी ने कहा कि राहुल गांधी ने आईबी की जिस सूचना पर मुजफ्फरनगर में मुस्लिम लड़कों के ऊपर यह आरोप लगाया है कि उनसे आईएसआई संपर्क कर रही है। उन लड़कों
का नाम सार्वजनिक करना चाहिए और अगर यह सही नहीं है तो उन्हें एक कौम विशेष केलोगों पर ऎसा आरोप लगाने के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।

रैली को मोदी के अलावा, राजनाथ सिंह, उमा भारती, कल्याण सिंह सहित भाजपा के कई नेताओं ने संबोधित किया।

इस अंदाज में बोले मोदी 
- आप मुझे प्रधानमंत्री मत बनाओ, चौकीदार बनाइए, मैं चौकीदार बनकर दिल्ली में बैठूंगा तो हिंदुस्तान के दिल पर पंजा नहीं पड़ने दूंगा। रानी लक्ष्मीबाई ने कहा था कि झांसी नहीं दूंगी, आप बोलो बेईमानों को देश नहीं देगे। रोटी ओर कमल के प्रतीक से झांसी जाग उठा था। एक बार फिर हम कमल लेकर आएं, लक्ष्मी कमल पर विराजती है, लक्ष्मी आएगी तो रोटी जरूर आएगी।

- केन्द्र सरकार गरीबों के दुख के बारे में नहीं जानती, प्रधानमंत्री खुद योजना आयोग के अध्यक्ष हैं, लेकिन गरीबी की नई परिभाषा देकर मुल्क के गरीबों मजाक उड़ाने में माहिर है।

- ओवरटाइम पायलट प्रोजेक्ट को मैं गुजरात में लागू करने जा रहा हूं, सफल होने पर पूरे देश में लागू किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से युवाओं को नई दिशा मिलेगी।

- मध्यप्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड के लिए आए पैकेज का पूरा उपयोग किया, जिसमें सिंचाई पर अच्छा काम किया गया, इस बात को योजना आयोग ने भी स्वीकार किया है।

- सपा सरकार जो कर रही है, उससे लोहिया की आत्मा को पीड़ा होती है, उत्तरप्रदेश में इतनी ताकत है कि पूरे देश की गरीबी दूर कर सकता है।

-बुंदेलखंड की धरती सूखी क्यों है, यहां का किसान भूखा क्यों है। जवाब दे दिल्ली की सल्तनत, बुंदेलखंड में दम है , लखनऊ और दिल्ली में नहीं है।

राजनाथ बोले, पूर्व उपमुख्यमंत्री उमा भारती

भाजपा के राष्ट्रीय राजनाथ सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि झांसी की रैली जनसैलाब है। राजनाथ ने मंच पर उपस्थित कल्याण सिंह को अभूतपूर्व मुख्यमंत्री बताया। लेकिन उमा को मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री कहकर संबोधित किया।

राजनाथ ने मोदी की बढ़ाई करते हुए कहा कि कि पूरे देश में मोदी की जय-जय हो रही है। राजनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इस पार्टी ने देश के गरीबों का मजाक किया है, गरीबों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का काम भी कांग्रेस ने किया है। बुंदेलखंड के लोगों से अपील करते हुए राजनाथ ने कहा कि नरेन्द्र भाई को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोटों से हमारी झोली भर देना। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा दिल्ली में एक - दूसरे की पीठ सहलाते हैं। 

यूपी में महिला सुरक्षित नहीं

उमा भारती ने यूपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रदेश में महिला सुरक्षित नहीं हैं, अपराध बढ़ रहे हैं। उमा ने झांसी के लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोदी को पीएम बनाने के लिए पूरा समर्थन दें, उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केन्द्र की सरकार लोगों को अच्छा शासन देगी।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top