देश भर में गणेश चतुर्थी की तैयारी जोरों पर
मुंबई/दिल्ली/अहमदाबाद/।
देश के लगभग सभी कोनों में गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर उत्साह देखते ही बनता है। जैसे-जैसे गणेश चतुर्थी नजदीक आ रही है वैसे-वैसे देशभर में गणपति बप्पा मोरया की गूंज तेज होती जा रही है। वहीं देश भर में जहां कई जगहों पर गणपति की मूर्तियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है तो कई जगहों पर पंडालों में गणपति की स्थापना भी कर दी गई है।
मुंबई के लालबाग के राजा के नाम से सबसे चर्चित पंडाल में भी गणपति ने दर्शन दे दिए हैं। गणेशोत्सव के दौरान पंडालों में लाखों श्रद्धालु आते हैं। आठ सितंबर से शुरू हो रहे इस उत्सव की तैयारी को यहां पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुंबई में कुछ जगह पर गणपति को घर लाने की तैयारी भी हो चुकी है। कुछ जगहों पर खूब धूम-धाम के साथ गणपति को लाया जा रहा है। महाराष्ट्र के अकोला में भी धूमधाम से गणपति के स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। यहां स्थापित होने वाली गणपति की विशाल प्रतिमा के दर्शनों के लिए भी काफी संख्या में जनसमूह उमड़ता है।
जयपुर में गणपति के आगमन से पहले ही उन्हें भोग लगाने के लिए उनका मनपंसद भोज लडडू भी तैयार कर लिया गया है। अब बस गणपति का ही इंतजार शेष है। गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर चलने वाले उत्सव में इन्हें प्रसाद के रूप में भक्तों में बांटा भी जाएगा।
मुंबई में गणेश चतुर्थी के करीब आने के साथ ही मूर्तिकारों के लिए सभी मूर्तियों को तय समय से पहले पूरा कर उन्हें पंडाल में स्थापित करने का भार सिर पर है। अब गणपति को पंडाल में स्थापित किए जाने में सिर्फ एक ही दिन शेष रह गया है। रविवार को गणपति बप्पा मोरया के उच्चारण के साथ ही वह अपने भक्तों को दर्शन देना भी शुरू कर देंगे।
देश के लगभग सभी कोनों में इस पर्व को लेकर उत्साह देखते ही बनता है। इस दौरान बिकने वाली मूर्तियों की कीमत लाखों रुपये तक होती है। नवी मुंबई के कोपारखेराने में गणपति की मूर्ति को बनाने के लिए हजारों सीपियों का सहारा लिया है। अहमदाबाद में गणपति के लिए भव्य पंडाल बनने के साथ-साथ उनकी मूर्तियों की खरीददारी और उन्हें स्थापित करने की तैयारी जोरों पर है। यहां पर भी दो दिन बाद गणपति बप्पा की धूम सुनाई देगी।
हैदराबाद में गणपति की विशाल मूर्ति को पंडाल में जाने से पहले कलाकार इसको अंतिम रूप देने में लगा हुआ है। दो दिन बाद यहां पर गणपति के सजे विशाल पंडाल में इसको स्थापित कर दिया जाएगा।
गणेश चतुर्थी के दौरान देश भर में गणपति की लाखों छोटी और बड़ी प्रतिमा बनाई और खरीदी जाती हैं। इस दौरान छोटी से छोटी गणपति प्रतिमा की कीमत भी कम से कम पांच सौ रुपये से कम नहीं होती। इस दौरान पंडालों में सजने वाली भव्य मूर्तियां लाखों रुपये तक की होती हैं।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें