"कांग्रेस ने तैयार की घोटालों की एबीसीडी..."कांग्रेस में जहर के गीत गाने की परम्परा :  मोदी 
जयपुर। 
भाजपा चुनाव प्रचार अभियान समिति के प्रमुख नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजस्थान में चुनाव अभियान का शंखनाद किया। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश भाजपा को एकजुट करने के मकसद से आए मोदी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रदेश अध्यक्ष वसंुधरा राजे ने मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह का स्वागत किया। 
मोदी ने भारत माता की जय के जयकारे के साथ संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि हवा का रूख बदल रहा है। राजस्थान की धरती पर परिवर्तन की आंधी आएगी। यहां दिख रही भीड़ को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है। बहन वसुंधरा ने सुराज संकल्प यात्रा के जरिए तपस्या की है। हजारों किलोमीटर की यात्रा कर जनता जनार्दन की पीड़ा सुनी है। इनको यात्रा का पुण्य मिलेगा। राजस्थान में परिवर्तन की आंधी आएगी। प्रवासी राजस्थानियों में भी इस यात्रा का क्रेज रहा है।
मोदी ने कहा कि जयपुर राजघराने की दीया कुमारी और ओलम्पिक पदक विजेता राज्यवर्द्धन सिंह का भाजपा में स्वागत है। जो भी भाजपा में आता है वे परिवार के सदस्य बनते हैं। आपसी रिश्ता जुड़ता है। मोदी ने दोनों का राजस्थान की धरती से स्वागत किया। उन्होंने गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में जहर के गीत गाने की परम्परा है, इसलिए गहलोत भी जहर पीने की बात करते हैं।
प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि जी-20 समिट से लौटने के बाद मनमोहन सिंह ने समिट में देश के पक्ष को रखने वाला कोई बयान नहीं दिया। पूरा देश उम्मीद कर रहा था कि उन्होंने देश के हित की वहां कई बातें की होंगी। लेकिन लौटने पर जो बयान उन्होंने दिया वह निराशाजनक था। 

गत 10 वर्षो में केन्द्र की कांग्रेस सरकार जवाबदेही नहीं रही। कोई देश के लिए जवाब नहीं देता। कांग्रेस के कारनामे ऎसे हैं कि आने वाले समय में देश का बच्चा रोएगा और पढ़ेगा कि ए का मतलब आदर्श घोटाला, सी का मतलब होता है कोयला घोटाला...। उन्होंने कहा कि बच्चे नई एबीसीडी सीखेंगे। आजादी के बाद की कांग्रेस एक ही परिवार तक सीमित रह गई। कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचारियों को तरक्की मिलती है। भाजपा इस देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कर सकती है।

मोदी ने कहा कि देश में रूपये की ताकत सबसे ज्यादा मारवाड़ी और गुजराती जानते हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार के राज में रूपया अस्पताल में पड़ा है। कांग्रेस के पास एक ही विकल्प बचा है कि गिरती हुई सरकार को बचाए या रूपये को। कांग्रेस को अपनी इज्जत बचाने की चिंता ज्यादा है। कांग्रेस के पास नेता, नैतिकता, नीति, नीयत नहीं है। 

उन्होंने कहा कि राजस्थान में 40 फीसदी युवा है। युवाओं में भाजपा के लिए बहुत उत्साह है। ऎसे में युवाओं से उन्होंने मतदाता सूची में ज्यादा से ज्यादा लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की। यूथ कांग्रेस के लिए युवा वोटर हैं, लेकिन भाजपा के लिए वे ताकत हैं। युवाओं में 18 साल का होते ही देश का नागरिक बनने यानी मताधिकार का उत्साह होना चाहिए। मोदी ने राजस्थान भाजपा के जोश और उत्साह की सराहना की।

मंच से सबसे पहले वसंुधरा ने कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और सुराज संकल्प यात्रा की सफलता के लिए प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया। वसंुधरा ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ राज्य के एक-एक भाजपा कार्यकर्ता ने जन-जन को संदेश पहुंचाया। राज्य में सत्ता में आने के बाद महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी भाजपा देगी। 

इसके बाद संबोधन को आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार राजस्थान और केन्द्र दोनों स्थानों पर विफल रही है। देश को बचाना है तो कांग्रेस को उखाड़ फेंकना होगा। गहलोत सरकार राज्य के विकास में विफल रही है। कांग्रेस मोदी की छवि को धूमिल करने का काम कर रही है। उनके साथ पूरी पार्टी खड़ी है। हताशा में है कांग्रेसी हुकूमत। 

गौरतलब है कि मोदी प्रदेश भाजपा की पांच महीने तक चली सुराज संकल्प यात्रा का समापन करने आए हैं। प्रदेश भाजपा मोदी की इस सभा को राजस्थान सत्ता में वापसी के लिए बूस्टर डोज मान रही है। सभा पर कांग्रेस की भी पूरी नजर है। 

जवाब में अगले ही दिन सलूम्बर में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की रैली है। दोपहर 12.15 बजे राजनाथ सिंह जयपुर हवाई अड्डे पर पहंुचे और सीधे सभा स्थल की ओर रवाना हो गए। वहीं दोपहर करीब 12.30 बजे नरेन्द्र मोदी जयपुर पहंुचे। एयरपोर्ट से वे सीधे सभास्थल के लिए रवाना हो गए। 

भीड़ को कई बार दी नसीहत

मोदी ने मंच पर आने के बाद तुरंत कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वे शांत रहकर बात सुने। लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह इतना था कि मोदी को कई बार उन्हें नसीहत देनी पड़ी। अपने संबोधन को बीच में रोक कर मोदी ने कार्यकर्ताओं से शांत रहने और बैठने की अपील की।

उम्मीद वाजपेयी जैसे चमत्कार की 

जयपुर के अमरूदों के बाग में वर्ष 2003 की यादें फिर ताजा हो गई। उस समय परिवर्तन यात्रा का समापन कार्यक्रम भी यहीं हुआ था। । इस बार भी प्रदेश भाजपा को वैसे ही चमत्कार की उम्मीद है। तब अटल बिहारी वाजपेयी यहां आए थे तो भाजपा 120 सीटों के साथ सत्ता में आई थी। चमत्कार की उम्मीद इसलिए है, क्योंकि तब वाजपेयी पीएम थे और मोदी की इस पद की उम्मीदवारी लगभग तय मानी जा रही है। 



वाहनों का रखा हिसाब

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कैलाश नाथ भट्ट ने बताया कि उदयपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जैसलमेर, सिरोही, पाली, अजमेर, नागौर और जोधपुर से आने वाले कार्यकर्ताओं का पंजीयन अजमेर रोड पर किया गया। कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, टोंक, सवाईमाधोपुर, करौली से आने वालों का पंजीयन टोंक रोड पर हुआ। अलवर, जयपुर ग्रामीण के वाहनों के पंजीयन व्यवस्था दिल्ली रोड पर की गई। इसके अलावा झुंझुनूं, चूरू, सीकर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ की गाडियों का पंजीयन सीकर रोड, धौलपुर, भरतपुर, दौसा, करौली, सवाईमाधोपुर से आने वाले वाहनों का पंजीयन आगरा रोड पर किया। 


होर्डिग्स से आडवाणी रहे गायब

भाजपा के सुराज संकल्प सम्मेलन को लेकर शहर भर में बड़ी संख्या में होर्डिग्स व पोस्टर लगे। इनमें गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और वसुंधरा राजे छाए रहे, लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता इन होर्डिग्स व पोस्टरों में कहीं नजर नहीं आए।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top