मोदी की टीम में राजस्थान से दो नेता
नई दिल्ली।
भाजपा ने शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष नरेंद्र मोदी की अगुआई में उनकी टीम के साथ-साथ 20 उप समितियों की घोषणा कर दी। टीम में सभी को साधने की कोशिश और वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। समितियां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और अध्यक्ष राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन और मोदी की अध्यक्षता में काम करेंगी।
केंद्रीय चुनाव अभियान समिति में पार्टी के तीन पूर्व अध्यक्ष, लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेता, तीन मुख्यमंत्री और तीन महासचिव शामिल हैं। पार्टी महासचिव अनंत कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में बताया, उप समितियों के गठन को गुरूवार को अध्यक्ष राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई संसदीय बोर्ड की बैठक में अंतिम रूप दिया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी उप समितियां के नेता मोदी को रिपोर्ट करेंगे।
राजस्थान से दो नेता शामिल...
उप समितियों में राजस्थान से दो नेता शामिल किए गए हैं। पहला नाम भूपेंद्र यादव का है। भूपेंद्र राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं और वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा के संयोजक भी हैं। उन्हें विघि समिति में शामिल किया गया है, जबकि विधायक व पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरण माहेश्वरी को विशेष संपर्क समिति में शामिल किया गया है।
केंद्रीय चुनाव अभियान समिति
अध्यक्ष नरेंद्र मोदी के साथ सुषमा स्वराज, अरूण जेटली, अनंत कुमार, वेंकैया नायडू, मनोहर पर्रिकर, मुरली मनोहर जोशी, शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह, थावरचंद गहलोत और रामलाल।
उप समितियां
1. प्रचार समिति : सुषमा स्वराज, अरूण जेटली, अमित शाह, सुधांशु त्रिवेदी
2. घोषणा पत्र समिति : मुरली मनोहर जोशी (अध्यक्ष), जसवंत सिंह, यशवंत सिन्हा, प्रेम कुमार धूमल, सत्यपाल, बंडारू दत्तात्रेय, महेश चंद्र शर्मा, शण्मुख नाथन।
3. विजन डॉक्यूमेंट : नितिन गडकरी के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश के प्रो. हरी बाबू मदद देंगे।
4. बूथ सम्मेलन : थावरचंद गहलोत, जे.पी. नड्डा, पुरूषोत्तम रूपाला, विनोद पांडे और एल. गणेशन।
5. मतदाता अभियान समिति : अमित शाह, नवजोत सिद्धू, त्रिवेंद्र रावत, पूनम महाजन।
6. चार्जशीट कमेटी : गोपीनाथ मुंडे, रविशंकर प्रसाद, आरती मेहरा, किरीट सोमैया, निर्मला सीतारमन, मीनाक्षी लेखी।
7. सौ से अघिक रैलियों की जिम्मेदारी : अनंत कुमार, वरूण गांधी।
8. बुनकरों, आदिवासियों का सम्मेलन : मुरलीधर राव, विनय कटियार, श्याम जाजू।
9. पारंपरिक अभियान, लोकगीत, नाटक, नुक्कड़ : स्मृति ईरानी, कैप्टन अभिमन्यु, वाणी त्रिपाठी।
10. बुद्धिजीवी सम्मेलन : राजीव प्रताप रूड़ी, प्रकाश जावड़ेकर, तमिलिसाई।
11. असंगठित मजदूर समिति : अध्यक्ष नितिन गडकरी, उमा भारती, सीपी ठाकुर, जेके जैन, मृदुला सिन्हा, कलराज मिश्र, किरण माहेश्वरी।
12. सोशल मीडिया : पीयूष गोयल
13. जनसमीक्षा भागीदारी : धर्मेद्र प्रधान
14. हिंदी-अंग्रेजी साहित्य : बलबीर पुंज, प्रभात झा
15. कार्यक्रम संयोजन और यातायात : मुख्तार अब्बास नकवी, अनिल जैन
16. उत्तर पूर्वी राज्य विशेष चुनाव अभियान : एसएस अहलूवालिया, तापिर गांव, पद्मनाभ आचार्य, और किरण रिजिजू।
17. चुनाव आयोग और कानून संबंधी मामले : सतपाल जैन, भूपेंद्र यादव, पिंकी यादव
18. बूथ समिति संकलन : राजीव प्रताप रूड़ी, सुधा यादव
19. मास कैंपेन की समिति (दो हिस्सों में) : नितिन गडकरी व वेंकैया नायडू
देशभर की रैलियां, संसदीय सम्मेलन : वेंकैया नायडू
20. वर्गवार सम्मेलन : नितिन गडकरी
सिद्धू को साधा
लंबे समय से नाराज बताए जा रहे नवजोत सिंह सिद्धू को भी पार्टी ने साधने की कोशिश की है। उन्हें दो उप समितियों में शामिल किया गया है। नए और युवा मतदाताओं के लिए चलाए जाने वाले अभियान की उप समिति के अलावा उन्हें गडकरी के साथ लगाया गया है। वह दिल्ली चुनाव में गडकरी की मदद करेंगे।
आडवाणी का लोहा
आडवाणी के लिए गोवा प्रकरण के बाद कहा जाने लगा था कि उनका दौर बीत गया। पार्टी के तीन अहम पदों से उनके इस्तीफा देने, फिर मान मनौव्वल के बाद राजनाथ ने उन्हीं के घर से वापसी का ऎलान किया। अब उन्हें मार्गदर्शक की भूमिका में शामिल कर संकेत दिया कि पार्टी उनका लोहा मानती है।
गडकरी पर मेहरबान
भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद नितिन गडकरी को विजन डॉक्यूमेंट पेश करने की जिम्मेदारी दी गई है। असंगठित क्षेत्र में अभियान चलाने वाली उप समिति और जन अभियान के साथ दिल्ली चुनाव जैसी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सुषमा की ऊष्मा
सुषमा की ऊष्मा को महसूस कर उन्हें मोदी के साथ केंद्रीय प्रचार समिति में जगह दी है, हालांकि वे काम मोदी के नीचे ही करेंगी। इसके जरिए गोवा प्रकरण पर पार्टी में बने दो धड़ों के बाद मोदी और सुषमा के बीच आई दूरियां पाटने की कोशिश की गई है। अहम प्रचार समिति की कमान सुषमा के हाथों में ही होगी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें