वी सी  शुक्ल का निधन 

गुड़गांव। 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी सी शुक्ल का मंगलवार दोपहर गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। शुक्ल पिछले माह छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली हमले में घायल हो गए थे। शुक्ल के परिवार में पत्नी व तीन बेटियां हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शुक्ल (84) को तीन गोलियां लगी थीं। बस्तर में 25 मई को कांग्रेस के काफिले पर नक्सलियों ने हमला कर दिया था। गुड़गांव लाए जाने से पहले शुक्ल का जगलदपुर के अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था। इस ऑपरेशन में उनके शरीर से गोलियां निकाली गई। 
इस नक्सली हमले में पीसीसी प्रमुख नंद कुमार पटेल उनके पुत्र दिनेश,कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा व पूर्व विधायक उदय मुदलियार सहित 27 लोगों की मौत हो गई थी। पिछले सप्ताह शुक्ल की हालत में सुधार आया था। संक्रमण के कारण सोमवार को उनकी हालत फिर बिगड़ गई। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। शुक्ल मध्यप्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रविशंकर शुक्ल के पुत्र थे। 

केंद्र में मंत्री रहे -
इमरजेंसी के दौरान शुक्ल केंद्र में सूचना व प्रसारण मंत्री थे। उनके पास संचार,गृह,वित्त,योजना,सूचना व प्रसारण,नागरिक आपूर्ति,विदेश,संसदीय मामले व जल संसाधन जैसे महत्वपूर्ण विभाग रहे। शुक्ल नौ बार लोकसभा के लिए चुने गए। वे पहली बार महासमुंद सीट से लोकसभा के लिए चुने गए। वे पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के करीबी थे। 80 के दशक में शुक्ल वीपी सिंह के साथ चले गए। वे वीपी सिंह सरकार में मंत्री रहे। वे कांग्रेस में लौटे और नरसिंह राव सरकार में केबिनेट मंत्री रहे।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top