सोनिया के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन 
नई दिल्ली।
दिल्ली में पांच साल की मासूम से दरिंदगी के खिलाफ लोगों को गुस्सा उबाल मार रहा है। घटना के विरोध में प्रदर्शन जारी है। 
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दस जनपथ स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। पुलिस ने करीब 30 महिला प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इन पर धारा 144 के उल्लंघन का आरोप है। 
प्रदर्शन के दौरान एक महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गई। विरोध प्रदर्शनों के चलते सोनिया गांधी,गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अशोक रोड स्थित पार्टी मुख्यालय से मार्च निकाला। इस दौरान महिला प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी,दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और दिल्ली पुलिस के खिलाने नारेबाजी की। 
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सोनिया और शीला दीक्षित हाय-हाय के नारे लगाए। मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश नहीं की। मार्च के दौरान पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों के साथ साथ चलते रहे। 
मोर्चा जब कांग्रेस अध्यक्ष के आवास की ओर मुड़ा तब पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को रोकने की कोशिश की लेकिन वे अवरोधक तोड़ते हुए सोनिया गांधी के आवास के करीब पहुंच गई और नारेबाजी करने लगी। 
उधर नीरज कुमार को पुलिस कमिश्नर पद से हटाए जाने की मांग को लेकर आप पार्टी के कार्यकर्ताओं का पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन जारी है। आप के कार्यकर्ता शनिवार से धरने पर बैठे हुए हैं। एम्स के बाहर भी प्रदर्शन जारी है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top