अब कांग्रेस की निकालेगी संदेश यात्रा 
जयपुर।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे की 4 अप्रेल से शुरू होने जा रही प्रदेशव्यापी चुनावी यात्रा के जवाब में कांग्रेस भी 30 मार्च से प्रदेश में कांग्रेस संदेश यात्रा निकालेगी। 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. चन्द्रभान ने रविवार को बताया कि पार्टी केन्द्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए 30 मार्च से 3 महीने का जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी। यात्रा की शुरूआत पार्टी के एक वयोवृद्ध नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी द्वारा तीस मार्च को सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से कराई जाएंगी।
संदेश यात्रा के बाद पार्टी की एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। यात्रा के कार्यक्रम संभागवार तय किए जाएंगे, लेकिन पहले दो दिन 30 एवं 31 मार्च को यह यात्रा जयपुर, दौसा एवं करौली जिलों में जाएगी। 
यात्रा राज्य के सभी 33 जिलों में दो सौ विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक,अन्य वरिष्ठ नेता,मंत्री,सांसद एवं विधायक तथा पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
चन्द्रभान ने बताया कि यात्रा के लिए एक विस्तृत कार्यक्रम बनाया जाएगा तथा हर संभागवार तीन-चार दिन का कार्यक्रम तय किया जाएगा। इस दौरान प्रचार प्रसार,संचालन एवं व्यवस्थाओं के लिए एक दो दिन में तीन-चार कमेटियों का गठन किया जाएगा।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top