जोधपुर और कोटा में मोनो रेल की तैयारी
जयपुर।
जयपुर में मेट्रो रेल के बाद अब जोधपुर और कोटा में मोनो रेल चलाने की तैयारी की जा रही है। मोनो रेल के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करने के लिए हाल ही नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल, नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव गुरूदयाल सिंह संधु और नगरीय विकास विभाग में रेलवे से प्रतिनियुक्ति पर कार्य कर रहे कमिश्नर रेलवे कोर्डिनेशन अश्विनी सक्सेना ने मलेशिया और सिंगापुर का दौरा किया है। दौरे से लौटने के बाद शांति धारीवाल ने बताया कि अधिकारियों के साथ उन्होंने सिंगापुर में मोनो रेल के संचालन की प्रक्रिया व इसकी उपयोगिता का अध्ययन किया। इस अध्ययन दल ने मलेशिया में मोनो रेल के संचालन कंट्रोल रूम तथा निर्माण फैक्ट्री कार्य को देखने के अलावा वहां मोनो रेल संचालन करने वाली कंपनी स्कूमी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी से भी विस्तृत विचार विमर्श किया।
यह कंपनी मुम्बई में मोनो रेल चलाने का कार्य कर रही है। स्कूमी राजस्थान के दो शहरों कोटा व जोधपुर के अलावा जयपुर में भी मोनो रेल के लिए कार्य करने को उत्सुक है। स्कूमी और केन्द्र सरकार के उपक्रम ईपीआईएल द्वारा पीपीपी मॉडल पर मोनोरेल की उपयोगिता व व्यावसायिकता आदि सभी का ध्यान रखते हुए डीपीआर तैयार की जाएगी। निकट भविष्य में ईपीआईएल व स्कूमी की टीम जयपुर का दौराकर आगे की कार्यवाई तय करेगी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें