मोदी ने किया चुनावी शंखनाद
अहमदाबाद।
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी अभियान की शुरूआत की। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि वह विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ने की हिम्मत दिखाए न कि उन्हें निशाना बनाकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के इस्तेमाल के मुद्दे पर।
मोदी ने उत्तर गुजरात के मेहसाणा जिले में स्थित मंदिरों के शहर बहुचाराजी से चुनावी अभियान का शंखनाद किया। इसके साथ ही कई चरणों में चलने वाली उनकी रथ यात्रा का भी शुभारंभ हो गया, जो राज्य के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगी। मोदी ने यहां आयोजित रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमें अपने सपनों के प्रति सजग रहने और आगे बढ़ने की जरूरत है। गुजरात को शांति और सjाव की जरूरत है।कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने तय किया है कि मैं जहां भी जाऊंगा, वे मेरा विरोध करेंगे। देश में लोकतंत्र है और चुनावी मौसम है। क्या उनके सब्र का बांध टूट गया है कि वे किसी की बात भी नहीं सुन सकते। उन्होंने कहा कि क्या आप चाहते हैं कि जब सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह चुनाव प्रचार के लिए गुजरात आएं तो उनका भी विरोध हो।
मोदी ने कहा कि यह विरोध की राजनीति क्यों की जा रही है। मुझे अपने विचार रखने का अधिकार है और आपको (कांग्रेस) भी ऎसा करने का अधिकार है। इसके लिए यदि आपको कोई जरूरत पड़ेगी तो हमारी सरकार सब कुछ मुहैया कराएगी। मोदी ने इस अवसर पर कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरूपयोग का आरोप लगाया और कहा कि सीबीआई कांग्रेस के हाथ का खिलौना बन गई है और उसका इस्तेमाल कर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस अकेले चुनाव नहीं लड़ रही है। वह सीबीआई के साथ चुनाव लड़ रही है। मोदी को किनारे करने के लिए नया विशेष जांच दल गठित किया जा रहा है। आओ... विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ो। मैं झूठी चीजों से लड़ना नहीं चाहता। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली, राजनाथ सिंह और कई पदाधिकारी मौजूद थे।
मोदी की इस यात्रा का आधिकारिक नाम विवेकानंद युवा विकास यात्रा दिया गया है। इसकी शुरूआत करने के लिए उस दिन को चुना गया है जिस दिन स्वामी विवेकानंद ने शिकागो सम्मेलन में अपना ऎतिहासिक भाषण दिया था। मोदी की यह यात्रा सभी 182 विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी।
इसकी शुरूआत के लिए बहुचाराजी को इसलिए चुना गया है क्योंकि मारूति इसी शहर के निकट अपना नया कार संयंत्र लगा रही है। मोदी उसी रथ पर सवार हुए हैं जिस पर वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी भ्रष्टाचार के खिलाफ वर्ष 2011 में जन चेतना यात्रा लेकर निकले थे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें