कंधार हाईजैक कांड का आरोपी अरेस्ट
नई दिल्ली।
जम्मू कश्मीर पुलिस ने कंधार हाईजैक केस से जुड़े एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मेहराजुद्दीन दांड उर्फ जावेद को किश्तवाड़ से गिरफ्तार किया है। जावेद पिछले 20 साल से जम्मू कश्मीर में सक्रिय था।
नेपाल के रास्ते आया था भारत
मेहराजुद्दीन कुछ दिन पहले नेपाल के रास्ते भारत आया था। वह यूनाइटेड जिहास काउंसिल का सदस्य है। सूत्रों के मुताबिक जावेद ने कंधार हाईजैक केस से जुड़े आतंकियों को फर्जी दस्तावेज मुहैया कराए थे। उसने आतंकियों का लॉजिस्टिक सपोर्ट किया था।
आईएसआई का ऑपरेटिव रह चुका है
सूत्रों के मुताबिक जावेद आईएसआई के लिए काम कर चुका है। भारत ने पाकिस्तान को जिन 20 मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट सौंपी थी उसमें जावेद का भी नाम था। जावेद आतंकियों के लिए पैसा जुटाता था।
वह आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के लिए भी काम कर चुका है। वह हिजबुल के चीफ सैयद सलाउद्दीन का दायां हाथ माना जाता है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक जावेद विभिन्न आतंकी संगठनों के बीच कॉर्डिनेटर का काम करता था।
दाऊद से भी जुड़े हैं तार
दिल्ली के लाजपत नगर में 1996 में हुए ब्लास्ट में भी जावेद का नाम आया था। माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम से भी उसके तार जुड़े हुए हैं।
नेपाल में कर चुका है शादी
सूत्रों के मुताबिक जावेद नेपाल में हिंदू बनकर रह रहा था। उसने अपना नाम बदल लिया था। उसने नेपाल में शादी कर ली थी।
क्या है कंधार कांड
24 दिसंबर 1999 में इंडियन एयरलाइंस के विमान आईसी-814 को आतंकियों ने हाईजैक कर लिया था। यह विमान काठमांडू से दिल्ली आ रहा था। आतंकी विमान को हाईजैक कर कंधार ले गए थे।
विमान में 178 यात्री सवार थे। आतंकियों ने एक यात्री की हत्या कर दी थी। सात दिन बाद विमान को आतंकियों के कब्जे से छुड़ाया गया था। इसके बदले भारत ने तीन खूंखार आतंकियों को छोड़ा था।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें