"बर्फी" पर बखेड़ा 

नई दिल्ली। फिल्म फैडरेशन ऑफ इंडिया ने ऑस्कर के लिए हाल ही बर्फी का चयन किया है। रणबीर कपूर के मूक बधिर के किरदार वाली अनुराग बासु की हालिया रिलीज बर्फी ने 19 फिल्मों को पछाड़ते हुए 2013 के आस्कर में भारत की ओर से एंट्री पाई लेकिन इसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है।


तो बाहर हो सकती है बर्फी -

ऎसी खबरें आ रही हैं तथा कई वेबसाइट्स पर वीडियो अपलोड किए गए हैं जिनमें ऎसे सीन्स के बारे में बताया गया जो या तो दूसरी फिल्मों से प्रेरित हैं या चोरी किए गए हैं। ऎसे में यह फिल्म ऑस्कर की दौड़ में शुरू में ही बाहर हो सकती है। ऑस्कर में उन फिल्मों को नहीं चुना जाता जो किसी की नकल होती हैं। अगर ये आरोप सही पाए गए तो फिल्म को बाहर होना तय है। 


ऎसे कुछ सीन जिनको अंतरराष्ट्रीय फिल्मों से कॉपी करने का आरोप हैं -

बर्फी के एक सीन में रूपा गांगुली अपनी बेटी इलीना को अपने प्रेमी के बारे में बताती है। यह सीन हॉलीवुड फिल्म नोटबुक से कॉपी किया गया है। नोटबुक एक गरीब पुरूष व एक अमीर महिला के प्यार की कहानी है। एक और सीन है जिसमें प्रियंका रणबीर के पास लेट जाती है। यह सीन भी नोटबुक (2004) से ही लिया गया है। 


और भी सीन हैं -

एक सीन में रणबीर दरवाजे के पास आते हैं और उनकी नाक दरवाजे से लगकर मुड़ जाती है। एक सीन में रणबीर सोफे पर डमी के साथ बैठे हैं और प्रियंका का मनोरंजन कर रहे हैं। ये दोनों सीन अमरीकी म्यूजिकल कॉमेडी सिंगिंग इन द रेन से कॉपी किए गए हैं।


कॉप्स से लिए गए सीन -

इसके अलावा एक सीन में रणबीर एक मूर्ति के नीचे सो रहे हैं। यह सीन चार्ली चैपलिन की सिटी लाइट्स से लिया गया है। एक सीन में रणबीर सीढ़ी पर हैं और पुलिसवाले उन्हें दोनों ओर से पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। यह सीन बुस्टर कीटर की कॉप्स से लिया गया है। 


रणबीर बने हैं बर्फी -

इस लव स्टोरी में रणबीर ने बर्फी का किरदार निभाया है। प्रियंका चोपड़ा ने बर्फी में ऑटिस्टिक (स्वलीन) लड़की का किरदार निभाया है। दक्षिण की अभिनेत्री इलीना डी क्रूज की यह पहली बॉलीवुड फिल्म है। 


बर्फी को मिला दर्शकों का प्यार-

मूक बधिर लड़के व ऑटिस्टिक लड़की के बीच प्यार की कहानी बर्फी भारत में करीब 700 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी। सादा लेकिन शक्तिशाली कहानी की बदौलत यह रोमेंटिक कॉमेडी दर्शकों को काफी पसंद आई है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top