पति के खिलाफ थाने पहुंचीं पूर्व मिस वर्ल्ड, रोज पीटने की शिकायत
मुंबई।पूर्व मिस वर्ल्ड और फिल्मों में काम कर चुकीं युक्ता मुखी घरेलू हिंसा की शिकार हो गई हैं। उन्होंने अपने पति प्रिंस तुली के खिलाफ मारपीट की शिकायत थाने में दर्ज करवाई है।
मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन पर दर्ज करवाई गई शिकायत में कहा गया है कि उनका पति अक्सर उनकी पिटाई करता है। इस संबंध में पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ इंस्पेक्टर हरीशचंद्र वाटकर ने बताया कि युक्ता मुखी ने आरोप लगाया है कि प्रिंस तुली अक्सर उन्हें परेशान करता रहता है। आए दिन मारपीट करता है। शिकायत के बाद अंबोली पुलिस थाने में उनके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इससे अधिक जानकारी के लिए जब पुलिस से पूछा गया तो कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। प्रिंस तुली के खिलाफ गैर संज्ञेय अपराध का मामला दर्ज किया गया है। इसके तहत पुलिस अदालत की अनुमति के बिना न तो एफआईआर दर्ज कर सकती है, न जांच कर सकती है और न ही गिरफ्तारी कर सकती है। अब पूरा इंतजार कोर्ट की अनुमति का है। युक्ता को दिसंबर 1999 में लंदन स्थित ओलंपिया थिएटर में मिस वर्ल्ड चुना गया था। 20 साल की उम्र में ही वह दुनिया की सबसे सुंदर लड़की बन गई थीं। इसके बाद उन्होंने कुछ फिल्मों में भी काम किया था। लेकिन बॉलीवुड में बात जम नहीं पाई।
युक्ता के पति तुली न्यूयॉर्क के कारोबारी हैं। इनकी फैमिली का मध्य भारत में होटल, मॉल्स और एजुकेशन का कारोबार है। बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री व पूर्व विश्व सुंदरी युक्ता मुखी की शादी 2 नवम्बर 2008 में प्रिंस तुली से हुई थी। नागपुर में हुई इस शादी में कई हस्तियों ने शिरकत की थी। शादी नागपुर के कैंपटी रोड गुरुद्वारे में पंजाबी रीति रिवाज से संपन्न हुई थी। यहां नागपुर के ही प्रमुख होटल व्यवसायी मोहब्बत सिंह तुली के भतीजे और उनके सहयोगी कुक्कू के बेटे हैं। युक्ता और प्रिंस की मुलाकात एक डिनर के दौरान हुई थी। प्रिंस ने खुद पत्रकारों से कहा था कि दोनों परिवारों की सहमति से हम लोगों ने डेटिंग करने की बजाय सीधे शादी करने का निर्णय लिया।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें