नियम विरूद्ध चल रहे 54 ऑटो व टेंपो सीज
बाड़मेर
शहर में बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए अब परिवहन विभाग ने मोर्चा संभाला है। शुक्रवार को विभाग ने तीन टीमें बनाकर पुलिस के सहयोग से 66 ऑटो व टेंपो के विरुद्ध कार्रवाई की। अधूरे कागजात व बिना नंबर प्लेट सहित कई प्रकार की कमियां पाए जाने पर 54 वाहनों को सीज किया। वहीं एक लाख 39 हजार 81 रुपए बतौर कर एवं प्रसमन राशि के रूप में वाहन के मालिकों से वसूले गए। जिला परिवहन अधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि वाहनों की संख्या बढ़ जाने से शहर में ट्रेफिक बढ़ गया है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग के उप निरीक्षक मेघराज, छगनलाल व गोपेश भाटी के नेतृत्व में तीन टीमों ने अलग-अलग जगह पर कार्रवाई करते हुए बिना नंबर, बिना लाइसेंस, फिटनेस सहित कई कमियों वाले ऑटो व टैंपो के चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। सीज किए गए वाहनों को जिला परिवहन कार्यालय में खड़ा किया गया है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें