50 रूपए महंगी हो सकती है रसोई गैस
नई दिल्ली।
आम आदमी पर एक बार फिर महंगाई का बोझ पड़ने वाला है। आज से डीजल,रसोई गैस और केरोसिन के दाम में बढ़ोतरी हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक रसोई गैस 50 रूपए महंगी हो सकती है। डीजल 5 रूपए महंगा हो सकता है। मंगलवार को राजनीतिक मामलों की कैबिनेट कमेटी की बैठक होनी है। बैठक में पेट्रोल,डीजल और रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी पर मुहर लग सकती है।
पेट्रोल के दाम में भी पांच रूपए की बढ़ोतरी हो सकती है। पेट्रोल के दाम पर फैसला तेल कंपनियां लेंगी क्योंकि पेट्रोल से सरकारी नियंत्रण खत्म हो गया है। जबिक डीजल,रसोई गैस और केरोसिन सरकार के नियंत्रण में हैं। पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी ने इन तीनों पदार्थो पर दी जा रही सब्सिडी को कम करने की मांग की थी। वित्त मंत्री पी.चिदंबरम ने भी सब्सिडी कम करने पर सहमति जताई है। पेट्रोलियम मंत्री और वित्त मंत्री का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के दाम में बढ़ोतरी हो रही है। सब्सिडी के कारण सरकार पर बोझ बढ़ता जा रहा है। वित्त मंत्री का कहना है कि अगर डीजल,रसोई गैस और केरोसिन के दाम में बढ़ोतरी नहीं की गई तो आर्थिक सुधारों से संबधित कानूनों को रोकना पड़ेगा।
साल में 6 सिलेण्डर मिलेंगे सस्ते
सरकार गैस की राशनिंग की भी तैयारी कर रही है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कैबिनेट नोट के जरिए तुरंत प्रभाव से रसोई गैस, डीजल और केरोसिन के दाम में बढ़ोतरी की मांग की है।
पेट्रोलियम मंत्रालय चाहता है कि हर घर को साल में 4 से 6 सिलेण्डर पर ही सब्सिडी मिले। पेट्रोलियम मंत्रालय ने राजनीतिक मामलों की कैबिनेट कमेटी के समक्ष प्रस्ताव रखा है कि प्रति माह 50 हजार की आय वालों को गैस पर सब्सिडी न दी जाएं।
सालाना 6 लाख की आय वालों को भी गैस पर सब्सिडी न मिलें। जून 2011 के बाद डीजल,रसोई गैस और केरोसिन के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है जबकि इस दौरान प्रोडक्शन की कीमत में 28 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। तेल कंपनियों को रसोई गैस और डीजल पर हर दिन 560 करोड़ रूपए का घाटा हो रहा है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें