कांडा सात दिन के पुलिस रिमांड पर
नई दिल्ली।
एमडीएलआर की पूर्व एयरहोस्टेस गीतिका शर्मा की आत्महत्या के मामले में आरोपी हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा को रोहिणी की एक अदालत ने सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि कांडा एक वाहन में सवार होकर तड़के अशोक विहार थाने पहुंचा। दिल्ली पुलिस ने देर शाम को टि्वट किया था कि कांडा को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
कांडा केभाई गोविन्द कांडा ने मीडिया के सामने दावा किया कि कांडा कुछ घंटों बाद अशोक विहार या भारत नगर थाने में सरेंडर कर सकते हैं। कांडा कोई भगौड़ा नहीं है वे तो सिर्फ जमानत मिलने का इंतजार कर रहे थे। कांडा के भाई के इस दावे के तुरन्त बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया तथा पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के उच्चाधिकारी भी थाने पहुंच गए। उधर, कांडा के सरेंडर की खबर फैलते ही अशोक विहार थाने के बाहर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई तथा वे दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
इससे पहले कांडा को उस समय तगड़ा झटका लगा जब दिल्ली हाईकोर्ट ने कांडा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। इससे पहले दिल्ली की निचली अदालत ने कांडा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। रोहिणी कोर्ट ने बुधवार को कांडा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया था। कांडा की तलाश में दिल्ली पुलिस छापे पर छापे मार रही थी लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था।
उल्लेखनीय है कि कांडा के खिलाफ गीतिका को आत्महत्या के लिए उकसान और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया था। कांडा एमडीएलआर एयरलाइंस के मालिक हैं, जहां गीतिका विमान परिचायिका थीं। वर्ष 2009 में एयरलाइंस ने काम करना बंद कर दिया था। गीतिका को कांडा के स्वामित्व वाली एक अन्य कम्पनी में पदस्थ कर दिया गया था। इस केस में कांडा की सहयोगी अरूणा चड्ढा को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। गीतिका का शव पांच अगस्त को उनके उत्तरी दिल्ली के अशोक विहार स्थित आवास पर पंखे से लटका हुआ पाया गया था। सुसाइड नोट में गीतिका ने कांडा व चड्ढा का नाम लिया था। गीतिका के भाई गौरव शर्मा के मुताबिक कांडा व चड्ढा ने उनकी बहन को मानसिक रूप से प्रताडित किया था।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें