राम भले ही रूठ गया हो, राज आपके साथ
'समूचे राज्य में वर्षा के अभाव के चलते अकाल की छाया मंडरा रही है। मुख्यमंत्री ने बाड़मेर-जैसलमेर सहित पांच जिलों को बिना गिरदावरी अकाल ग्रस्त घोषित कर दिया है। विकट घडी में सरकार हर संभव मदद करेगी। राम भले ही रूठ गया हो, राज आपके साथ रहेगा।' यह बात रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप चौधरी ने कही। चौधरी कलेक्ट्रेट व जिला परिषद परिसर में राजीव गांधी भारत निर्माण सेवा केंद्रों के शिलान्यास के बाद आदर्श स्टेडियम में आयोजित पंचायतीराज सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा सरकार आम आदमी की सेवा के लिए कृत संकल्पित है। ग्रामीण क्षेत्र की जनता को जिला मुख्यालय पर सुविधा प्रदान करने को लेकर इन केंद्रों का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा।
'समूचे राज्य में वर्षा के अभाव के चलते अकाल की छाया मंडरा रही है। मुख्यमंत्री ने बाड़मेर-जैसलमेर सहित पांच जिलों को बिना गिरदावरी अकाल ग्रस्त घोषित कर दिया है। विकट घडी में सरकार हर संभव मदद करेगी। राम भले ही रूठ गया हो, राज आपके साथ रहेगा।' यह बात रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप चौधरी ने कही। चौधरी कलेक्ट्रेट व जिला परिषद परिसर में राजीव गांधी भारत निर्माण सेवा केंद्रों के शिलान्यास के बाद आदर्श स्टेडियम में आयोजित पंचायतीराज सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा सरकार आम आदमी की सेवा के लिए कृत संकल्पित है। ग्रामीण क्षेत्र की जनता को जिला मुख्यालय पर सुविधा प्रदान करने को लेकर इन केंद्रों का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा। सुनवाई का अधिकार आमजन के लिए लाभकारी:
उन्होंने कहा कि भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों के रूप में जिला मुख्यालय पर आज विकास का एक और आगाज हुआ है। राज्य में एक अगस्त से जनसुनवाई अधिनियम कानून को लाभकारी बताते हुए चौधरी ने कहा कि इससे पहले लोक सेवा गारंटी अधिनियम लागू किया गया था। अब इस अधिकार से आम लोगों से जुडे छोटे-छोटे काम अब सुगमता व त्वरित गति से पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि कानून हम बनाते है, आप लोग उसका उपयोग करें तभी इन नये कानूनों का लाभ आप तक पहुंचेगा।
रिफाइनरी को लेकर सरकार गंभीर:
विकास कार्यों व योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा प्रदेश की जनता के लिए मुख्यमंत्री संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे है।15 अगस्त से पशुधन के लिए भी निशुल्क दवा मिलने लगेगी। युवाओं के लिए अब तक दो लाख के करीब भर्तियां राज्य सरकार कर चुकी है। बाड़मेर की जनता को मीठा पानी भी मिलना शुरू हो गया है। इसके साथ ही रिफाइनरी को लेकर भी सरकार गंभीर है।
अब तो वोट दोगे ही:
राजस्व मंत्री हेमाराम चौधरी ने कहा कि सरकार ने गांव, गरीब तथा जन कल्याण से जुड़ीं अनेक योजनाएं लागू की हैं। 1200 करोड़ रुपये अकेले बाड़मेर में पेयजल के लिए व्यय किए गए है। उन्होंने कहा कि राजस्व मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद 563 नए राजस्व गांवों का सृजन हुआ है। जिले में भी 2 नई तहसील व 2 उप तहसीलों का सृजन किया गया है। अंत में उन्होंने कहा कि अब इतनी सारी योजनाओं के बाद तो लोग वोट जरूर देंगे।
पानी की समस्या हुई दूर:
सांसद हरीश चौधरी ने कहा कि आज अकाल हमारे लिये चुनौती है। सामूहिक तौर पर सब मिलकर इससे लडेंग़े। केंद्र व राज्य सरकार से मदद की पैरवी में हम पीछे नहीं रहेंगे। सरकार ने पेयजल समस्या के समाधान के लिये महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। हिमालय का मीठा पानी आ गया है और पेयजल की तीन बड़ी योजनाएं लगभग पूर्ण होने को हैं। इसके साथ ही डीएनपी एरिया में भी पेयजल समस्या के समाधान को लेकर सरकार प्रयासरत है।
भ्रष्टाचार पर अंकुश जरूरी:
जिला प्रमुख मदन कौर ने कहा कि अकाल की छाया हम पर मंडरा रही है। इससे निपटने के लिए सरकार हर संभव मदद करेगी। जन कल्याणकारी योजनाएं प्रदेश में चलायी गई है, इनमें सबसे महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री अन्न सुरक्षा योजना है। उन्होंने भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी को देश की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए इसके लिए सोच में बदलाव लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
योजनाओं की क्रियान्विति में प्रथम हैं हम:
कलेक्टर डॉ. वीणा प्रधान ने मुख्यमंत्री के पत्र का वाचन किया। उन्होंने जन सुनवाई का अधिकार अधिनियम की विस्तार के साथ जानकारी दी। इस मौके पर उन्होंने राज्य सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं की विस्तृत जानकारी कराते हुए जिले की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अनेक योजनाओं में बाड़मेर जिला समूचे राज्य में प्रथम स्थान पर रहा है।
बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गत 43 माह में हुए कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं की क्रियान्विति में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम को चौहटन विधायक पदमाराम मेघवाल, सिवाना विधायक कानसिंह कोटड़ी, राज्य एससी आयोग अध्यक्ष गोपाराम मेघवाल, राज्य श्रम सलाहकार समिति अध्यक्ष गफूर अहमद ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व सीईओ एल.आर. गुगरवाल ने अपने स्वागत भाषण दिया और अंत में एडीएम अरुण पुरोहित ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह में एसपी राहुल बारहट, नगर परिषद सभापति ऊषा जैन, नगर पालिका बालोतरा अध्यक्ष महेश बी चौहान, बीसूका जिला उपाध्यक्ष उदाराम मेघवाल, बालोतरा भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष फतेह मोहम्मद, कृषि उपज मंडी बाड़मेर की अध्यक्ष नेनू देवी, जिले के प्रधान, जिला परिषद सदस्य, पंचायतसमिति सदस्य, वार्ड पंच, विभिन्न विभागों के अधिकारी व आमजन मौजूद थे।
चित्र प्रदर्शनी:
स्टेडियम में समारोह स्थल पर चित्र प्रदर्शनी में जिले से संबंधित बजट घोषणाओं व फ्लेगशिप योजनाओं तथा जिले में हुए विकास कार्यों से संबंधित छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में कार्यक्रमों, योजनाओं व जिले में अर्जित उपलब्धियों से संबंधित फ्लेक्स भी दर्शकों के लिए लगाए गए।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें