कांडा की पुलिस रिमांड तीन दिन बढ़ी 

नई दिल्ली। 
गीतिका आत्महत्या मामले में गिरफ्तार हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल गोयल कांडा को शनिवार को पुलिस रिमांड तीन दिन बढ़ा दी गई। पुलिस ने कांडा की सात दिन की रिमांड मांगी थी। कांडा की रिमांड अवधि शनिवार को खत्म हो रही थी। कांडा ने दिल्ली पुलिस द्वारा कांडा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किए जाने के 11 दिन बाद पिछले शनिवार को समर्पण किया था। 

वहीं कांडा ने शनिवार को खुद को बेकसूर बताते हुए कहा है कि वह राजनीतिक साजिश का शिकार हुआ है। कोर्ट ले जाने से पहले कांडा ने कहा, कुछ राजनीतिज्ञ मुझे बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। वे मीडिया को गुमराह कर रहे हैं। सच्चाई सामने आ जाएगी। 

कांडा की कंपनी एमडीएलआर एअरलाइन्स की पूर्व कर्मचारी गीतिका ने पांच अगस्त को दिल्ली में अशोक विहार स्थित अपने घर पर आत्महत्या कर ली थी। अपने सुसाइड नोट में गितिका ने लिखा था कि कांडा व कंपनी की कर्मचारी अरूणा चड्ढ़ा उसे परेशान कर रहे हैं। 

जांचकर्ताओं का दावा है कि सुसाइड नोट एक ही दिन लिखे गए थे जबकि उन पर दो अलग-अलग तारीख दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गीतिका ने ये सुसाइड नोट आत्महत्या करने वाली रात को ही लिखे थे। इसमें एक नोट पर मई व दूसरे पर अगस्त माह की तारीख लिखी है।

सूत्रों के अनुसार कांडा ने खुद पर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। कांडा का कहना है कि उसका गीतिका के आत्महत्या करने से 45 दिन पहले से उससे संपर्क नहीं हुआ था। 

पुलिस अंकिता के भी संपर्क में -
गीतिका शर्मा के सुसाइड नोट में दर्ज अंकिता सिंह सिंगापुर में है। उसने पुलिस को भरोसा दिया है कि वह भारत आकर पूछताछ में सहयोग करेगी। हालांकि दिल्ली पुलिस को प्राप्त सूचना में इस बात की जानकारी नहीं है कि अंकिता भारत कब आएगी। अंकिता करीब दस साल से कांडा के संपर्क में है।

गोवा में जब कांडा ने कैसीनो खरीदा तो उसे चलाने की जिम्मेदारी उसने फिल्म अभिनेत्री नूपुर मेहता और अंकिता सिंह को ही दी। कांडा को राजनीतिक मुकाम हासिल कराने में अंकिता की मां रेणू सिंह ने अहम भूमिका निभाई। वे न केवल कांडा को राजनीति में आगे बढ़ने के रास्ते सुझाती थीं बल्कि कांडा के चुनाव में भी प्रबंधन की दृष्टि से उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top