आधी कीवी टीम आउट 
हैदाराबाद। 
टेस्ट सीरीज के पहले मैच में पुजारा की शानदार बल्लेबाजी के बाद दूसरे दिन भारतीय फिरकी गेंदबाज आर अश्विन और प्रशांत ओझा ने कीवी टीम की हालात बिगाड़ दी। अश्विन ने 3 और ओझा ने 2 विकेट चटकते हुए आधी कीवी टीम को पैवेलियन लौटा दिया। इसतरह दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने 42 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 106 रन बनाए। क्रीज पर वान विक(00) और जैम्स फ्रेंकलिन(31) मौजूद हैं। भारत की पहली पारी(438) से कीवी अब भी 332 रन पीछे है, जबकि उसके 5 विकेट शेष हैं। 

न्यूजीलैंड की खराब शुरूआत 
भारत की पहली पारी की समाप्ति के बाद मैदान में उतरी कीवी टीम शुरूआत अच्छी नहीं रही और प्रज्ञान ओझा के हाथों सस्ते में मैक्कुलम(22) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। ओझा की गेंद पर मैक्कुलम को विराट कोहली ने कैच आउट किया। इसके बाद ड्रिंक्स तक के खेल में फिरकी गेंदबाज आर अश्विन न्यूजीलैंड पर भारी पड़े। एक के बाद एक न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्तिल(02),रोस टेलर(02) और डेनियल फिन(16) अश्विन की फिरकी में उलझकर पैवेलियन लौट गए। गुप्टिल और टेलर को अश्विन की गेंद पर कोहली ने कैच आउट किया जबकि डेनियल अश्विन के हाथों पगबाधा आउट हुए। इस तरह दूसरे दिन ड्रिंक्स तक के 33 ओवर में न्यूजीलैंड चार विकेट गंवाते हुए 84 रन ही जोड़ पाया। ड्रिंक्स के बाद ओझा ने विलियंसन के रूप में न्यूजीलैंड को 5वां झटका दिया। 

438 रनों पर सिमटी भारत की पहली पारी 
राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के साथ जारी पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को भारत की पहली पारी 438 रनों पर सिमट गई। दूसरे दिन का खेल बारिश के कारण निर्धारित समय से लगभग आधे घंटे की देरी से शुरू हुआ। इससे पहले, भारत ने पहले दिन के खेल की समाप्ति पर पांच विकेट पर 307 रन बनाए थे। पहले दिन के नाबाद लौटे बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (119) और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (29) ने दूसरे दिन के खेल की शुरूआत की।

दोनों बल्लेबाजों ने सम्भलकर खेलते हुए छठे विकेट के लिए 127 रन जोड़े। अपना चौथा टेस्ट मैच खेल रहे पुजारा को 159 रनों के निजी योग पर स्पिनर जीतन पटेल ने जेम्स फ्रेंकलिन के हाथों कैच कराया। पुजारा ने 306 गेंदों पर 19 चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद धौनी को 73 रन के निजी योग पर पटेल ने डग ब्रेसवेल के हाथों लपकवाया। धौनी ने 147 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाया।

जहीर खान खाता खोले बगैर पवेलियन लौटे। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने विकेट कीपर क्रूगर वान वैक के हाथों कैच कराया। रविचंद्रन अश्विन 37 रन बनाकर आउट हुए। अश्विन को पटेल की गेंद पर वैक ने स्टम्प आउट किया। भारत का अंतिम विकेट उमेश यादव के रूप में गिरा। यादव चार रन के निजी योग पर रनआउट हुए। प्रज्ञान ओझा चार रन पर नाबाद लौटे। न्यूजीलैंड की ओर से पटेल ने चार जबकि बोल्ट ने तीन विकेट झटके।

क्रिस मार्टिन और ब्रेसवेल के खाते में एक-एक विकेट गया। उल्लेखनीय है कि भारत ने पहले दिन के खेल की समाप्ति पर पांच विकेट पर 307 रन बनाए थे जिनमें विराट कोहली 58, विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग 47, गौतम गम्भीर 22, सचिन तेंदुलकर 19 और सुरेश रैना के तीन रन शामिल थे।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top