बिच्छू के डंक ने रोका विमान 
चेन्नई।
बहरीन जा रहे एक विमान के एक यात्री को बिच्छू के डंक मार देने से रविवार को विमान ने आधा घंटा देरी से उड़ान भरी। बहरीन में बसे आंध्रपदेश के डी विद्यासागर (47) ने चार घंटे लंबी उड़ान के लिए अपनी सीट बैल्ट बांधी। रात 9.30 बजे विमान उड़ान भरने के लिए चलने लगा। अचानक विद्यासागर को सीधे हाथ पर तेज दर्द महसूस हुआ। वे एक बिच्छू को उनकी शर्ट से बाहर आता देख सन्न रह गए। बिच्छू ने उन्हें एक और डंक मारा, इस बार उनकी जांघ पर। इससे विमान में अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने बिच्छू को मार डाला। पायलट को तुरंत इसकी सूचना दी गई और विमान को रोका गया। विद्यासागर को एअरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में ले जाया गया। 
इस अप्रत्याशित घटना से उड़ान आधा घंटा लेट हो गई। विमान विद्यासागर को लिए बिना ही उड़ा क्योंकि डाक्टरों ने उन्हें यात्रा न करने की सलाह दी। विद्यासागर को शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। विद्यासागर को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 
एअरपोर्ट के एक अधिकारी के अनुसार ऎसा लगता है कि बिच्छू विद्यासागर की शर्ट मे फंस गया होगा। जब वे विमान में आए तो उन्हें हल्का दर्द महसूस हुआ जिसे उन्होंने अनदेखा किया।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top