अब अंसारी की राह में रोड़ा बनी ममता 
नई दिल्ली। 
तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अब उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी की राह में रोड़ा बन गई है। कांग्रेस ने अंसारी को फिर से उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने का फैसला कर लिया है लेकिन ममता इस पर राजी नहीं है। ममता बंगाल के पूर्व राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी को उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाना चाहती है। 
अगर गांधी तैयार नहीं होते हैं ममता पार्टी सांसद कृष्णा बोस को उम्मीदवार बनाने के पक्ष में हैं। कृष्णा बोस नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भतीजी हैं। इससे पहले ममता बनर्जी ने यूपी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार प्रणब मुखर्जी का विरोध किया था। ममता पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को उम्मीदवार बनाना चाहती थी लेकिन आंकड़ें पक्ष में नहीं होने के कारण कलाम ने उम्मीदवार बनने से इनकार कर दिया था। 
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने अंसारी को लेकर लेफ्ट फ्रंट, सपा,बसपा,जदएस और जदयू से बात की है। सूत्रों के मुताबिक ये दल अंसारी के नाम पर राजी है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पहले ही कह चुके हैं कि अंसारी को फिर से उप राष्ट्रपति बनाया जाना चाहिए। ऎसे में कांग्रेस को भरोसा है कि आंकड़ें अंसारी के पक्ष में हैं। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने अंसारी को लेकर अभी तक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात नहीं की है। 
पीएम ने देवगौड़ा को किया फोन
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अंसारी को लेकर जदएस के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा से फोन पर बात की। देवगौड़ा ने कहा है कि उन्हें अंसारी के नाम पर कोई आपत्ति नहीं है। 
राष्ट्रपति के लिए भी उछला था नाम
गौरतलब है कि अंसारी का नाम राष्ट्रपति पद के लिए भी सामने आया था। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी से चर्चा के दौरान अंसारी का नाम आगे किया था। लेकिन उस समय ममता और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने अंसारी का नाम खारिज कर दिया था। इसके बाद प्रणब मुखर्जी को यूपीए का राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया गया। उप राष्ट्रपति पद के लिए 7 अगस्त को चुनाव होगा। इसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे। अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। उप राष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों के सदस्यों के जरिए होता है। संसद के दोनों सदनों में कुल 790 सदस्य हैं। राज्यसभा और लोकसभा के लिए नामांकित सदस्य भी उप राष्ट्रपति के चुनाव में वोट कर सकते हैं।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top