संकट में सदानंद, 9 मंत्रियों के इस्तीफे! 
बेंगलूरू। 
कर्नाटक की सियासत में शुक्रवार को बड़ा उबाल आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडि्डयूरप्पा समर्थक 9 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। खबर है कि ये इस्तीफे उन्होंने मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा को सौंप दिए हैं। असंतुष्ट राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। ये सारा घटनाक्रम करीब छह बजे हुआ। येडि्ड समर्थक माने जाने वाले ये मंत्री सदानंद गौड़ा के निवास पर समूह में पहुंचे और उन्हें इस्तीफा थमा दिया। फिलहाल इस्तीफा देने वाले मंत्री सीएम आवास पर ही हैं।
मालूम हो कि पूर्व मुख्यमंत्री येडि्ड एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। येडि्ड इस बार खुद की बजाय जगदीश शेट्टार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। येडि्ड के 10 समर्थक मंत्रियों ने सदानंद गौड़ा को नहीं हटाने पर इस्तीफे की धमकी दी थी। उन्होंने भाजपा आलाकमान को नेतृत्व परिवर्तन करने को कहा है। ये मंत्री जगदीश शेट्टार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि गुरूवार को भाजपा आलाकमान ने राजनीतिक संकट हल करने के लिए कुछ और वक्त मांगा था। 
गौड़ा को हटाने की मांग करने वाले मंत्रियों ने शुक्रवार को येडि्ड से मुलाकात की और ताजा राजनीतिक हालात पर चर्चा की। यह मुलाकात ग्रामीण विकास मंत्री जगदीश शेट्टार के घर पर हुई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चा हुई। अवैध खनन के मामले में नाम आने पर भाजपा आलाकमान ने येडि्ड को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया था। येडि्ड की जगह उनके करीबी सदानंद गौड़ा को मुख्यमंत्री बनाया गया। कुछ वक्त बाद येडि्ड गौड़ा के खिलाफ हो गए थे। 
इधर, स्थानीय निकाय मंत्री बी जारकीहोल्ली व कुछ विधायकों ने धमकी दी कि यदि येडि्ड गुट के दबाव में आलाकमान ने गौड़ा को हटाया तो वे सरकार गिरा देंगे। उन्होंने कहा कि विधायकों का बहुमत गौड़ा के साथ है। लिहाजा आलाकमान को येडि्ड के दबाव में नहीं आना चाहिए।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top