एवरेस्ट फतह करने निकली नागौर की बेटी!
नागौर
माउंट एवरेस्ट पर झंडा फहराने निकली महिला सैन्य अधिकारी नागौर के डीडवाना तहसील के भुवादिया गांव की बेटी दीपिका राठौड़ शनिवार को 17 हजार 500 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गई। संभावना जताई जा रही है कि 1 जून तक सात महिला अधिकारियों का यह दल माउंट को फतह कर लेगा। यह दल दो जून को वापस लौटेगा।
इस सैन्य दल को माउंट एवरेस्ट फतह करने के लिए नई दिल्ली से 27 मार्च को रवाना किया गया था। दीपिका के पिता गणपत सिंह राठौड़ ने बताया कि दीपिका ने 14 अप्रैल को उन्हें फोन कर बताया था कि उनका दल एवरेस्ट के बेस कैंप पर पहुंच गया है, जो 17 हजार 500 फीट की ऊंचाई पर है। इस दल को 11 हजार 500 फीट की ऊंचाई पर और जाना है। आगे का रास्ता कठिन और खतरों से भरा है, मगर दीपिका ने बुलंद हौसलों से इसे जीतने की बात कही है।
पीहर और ससुराल का साथ
सैन्य अधिकारी के रूप में माउंट एवरेस्ट पर जाने वाले इस दल में शामिल होने का गौरव दीपिका को मिला है। गणपत सिंह बताते हैं कि दीपिका को पीहर व ससुराल दोनों जगह पूरा सपोर्ट मिलता है। ससुर कर्नल सूरज पाल सिंह व पति मर्चेन्ट नेवी में इंजीनियर जीतेंद्र सिंह शेखावत भी दीपिका पर गर्व करते हैं। थल सेनाध्यक्ष ने सात महिला फौजियों को इस अभियान के लिए चुना है। एवरेस्ट पर जाने वाला महिला फौजियों का यह दूसरा दल है। इससे पहले 2005 में एक दल भेजा गया था।
भुवादिया में खुशी का माहौल
उधर भुवादिया गांव में दीपिका की बड़ी सफलता का इंतजार किया जा रहा है। दीपिका के दादा ठाकुर सवाई सिंह कुछ समय पहले ही अपना सौंवा जन्मदिन मना चुके हैं। अपनी पोती के साहस से वे भी काफी खुश नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बस दीपिका के एवरेस्ट फतह कर लौटने का इंतजार है।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें