कुछ समझौते किए होते तो मैं दिल्ली पुलिस की मुखिया होती
मुंबई। विमान किराए की रियायत हड़पने के मामले में आलोचना का शिकार होने के बाद भारत की पहली महिला आइपीएस अधिकारी किरण बेदी ने कहा है कि यदि उन्होंने कुछ समझौते किए होते तो दिल्ली पुलिस की प्रथम महिला पुलिस आयुक्त बन सकती थी। वह मुंबई में आयोजित एक वैश्विक परिचर्चा में बोल रही थीं।
'वीमेन चेंजिंग इंडिया' नाम से शुक्रवार को आयोजित परिचर्चा का आयोजन अमेरिका के बर्नार्ड कॉलेज की ओर से किया गया था। बेदी ने 'कनवरसेशंस ऑन सोशल एक्टिविज्म' [सामाजिक सक्रियता पर वार्ता] विषय पर आयोजित परिचर्चा के दौरान कहा, 'कुछ नौकरशाहों और राजनेताओं ने इस बात के लिए षडयंत्र रचा कि दिल्ली में कोई महिला पुलिस प्रमुख न बन पाए। मैं दिल्ली का पुलिस आयुक्त बनने के लिए समझौता कर सकती थी। मगर मैंने ऐसा नहीं किया क्योंकि इससे मेरे स्वाभिमान को ठेस पहुंचती।' परिचर्चा में स्वरोजगार महिला संगठन की सामाजिक सुरक्षा निदेशक मिराय चटर्जी, टीच फॉर इंडिया संस्थापक शाहीन मिस्त्री और भारतीय प्रबंधन संस्थान बेंगलूर में प्रोफेसर गीता सेन ने भी भाग लिया।
बर्नार्ड कॉलेज के अध्यक्ष देबोरा स्पार ने कहा, 'भारत में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। वे अपने समुदाय, आर्थिक विकास, आंदोलनों और कॉरपोरेट संस्थानों में बढ़-चढ़कर योगदान दे रही हैं। भारत में जो कुछ भी हो रहा है उनमें उनका प्रभाव झलकता है।' पिछले वर्ष इस परिचर्चा का आयोजन जोहांसबर्ग में किया गया था। अगले वर्ष इसका आयोजन ब्राजील में किया जाएगा।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top