एक ही व्यक्ति को दो बार दे दिया पद्मश्री
नई दिल्ली। चार दशक पहले पद्मश्री से सम्मानित हस्ती को पुन: उसी सम्मान से नवाजे जाने की गलती करने के बाद अब सरकार डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। सरकार ने प्रसिद्ध फोटोग्राफर सुनील जानाह को दिए गए पद्मश्री सम्मान को अपग्रेड कर उन्हें पद्मभूषण से सम्मानित करने का निर्णय किया है।अमरीका में बसे सुनील के परिवार को इस संबंध में गृह मंत्रालय का पत्र मिला है। सूत्रों के अनुसार मंत्रालय के एक अधिकारी ने भी सुनील की पत्नी शोभा से बात कर गलती होने व उनके पति को पद्मश्री के स्थान पर पद्मभूषण से सम्मानित करने के निर्णय के बारे में बताया।उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के समय के फोटोग्राफर को इंदिरा गांधी सरकार ने 1972 में पद्मश्री से सम्मानित किया था। एक अंग्रेजी अखबार के अनुसार गलती सुधारे जाने से सुनील का परिवार गृह मंत्रालय के प्रति आभारी व खुश है। अखबार ने परिवार के हवाले से कहा, यह गलती किसी बुरे इरादे से या जानबूझकर नहीं की गई। सुनील के पुत्र अर्जुन ने अपने पिता के जीवन व काम को प्रकाश में लाने के लिए एक वेबसाइट शुरू की है। बंगाल में पड़े अकाल पर सुनील (94) के पत्रकार के तौर पर 1940 के दशक में प्रकाशित चित्रों ने राष्ट्र को झकझोर कर रख दिया था। इन चित्रों के कारण सुनील को काफी ख्याति मिली थी। सुनील पत्नी शोभा के साथ केलिफोर्निया के बर्कले में रह रहे हैं।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top