वारिस की जंग में उलझी सपा से विकास की उम्मीद बेमानी: अमित शाह
झांसी।
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) पर सीधा हमला बोलते हुए रविवार को कहा कि वारिस की जंग में उलझी अखिलेश सरकार से विकास की उम्मीद कतई बेमानी है। 
अमित शाह ने यहां प्रदर्शनी मैदान से पार्टी की दूसरी परिवर्तन यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री उमाभारती, केन्द्रीय सूक्ष्म और लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र, थावर चंद गहलोत, प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य समेत कई पदाधिकारी और सांसद उपस्थित रहे। 
चाचा-भतीजे के बीच चल रहा है शक्ति प्रदर्शन
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज इस पार्टी में अब नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का वारिस तय करने की लड़ाई चल रही है। ये लोग जनता के बारे में सोचना बंद कर चुके हैं। चाचा (शिवपाल सिंह यादव) और भतीजे (अखिलेश यादव) के बीच में शक्ति प्रदर्शन चल रहा है। दोनो के बीच जंग में जनता पिस रही है।
उन्होंने कहा कि सपा में जारी महाभारत का खामियाजा पहले से बदहाल प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ नहीं दिया। 
कमीशन के कारण किसानों का पैसा खा लिया गया। केन्द्र की एक भी योजना यहां तक नहीं पहुंच सकी है। चाचा भतीजे के बीच जनता से लूटे गए पैसे के बंटवारे को लेकर तकरार है।
केन्द्र से भरपूर मदद मिलने के बावजूद बुंदेलखंड के किसानों को ओलावृष्टि और सूखे से बरबाद फसल का मुआवजा नहीं मिल सका है।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top