बाड़मेर। सरहद पर सीमा सुरक्षा बल मुस्तैदः केन्द्रीय गृहमंत्री  राजनाथसिंह
बाड़मेर।
सरहद पर सीमा सुरक्षा बल मुस्तैद है। जवान मुस्तैदी के साथ सरहद की हिफाजत में जुटे है। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथसिंह ने शनिवार को बाड़मेर में मुनाबाव सीमा चौकी पर जवानो से मुलाकात के बाद पत्रकारो से यह बात कही।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस तरह किसान अपनी जान लगाकर अपने खेत की हिफाजत करता है उसी तरह सीमा सुरक्षा बल के जवान भी देश की हिफाजत में जुटे है। एक दिवसीय दौरे पर मुनाबाव पहुंचे गृह मंत्री राजनाथसिंह ने सैनिक सम्मेलन के दौरान जवानो की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि सरहद पर सुरक्षा व्यवस्था संतोषप्रद है। उन्होंने जवानो की समस्याएं जानने के साथ केन्द्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया। इससे पूर्व केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को गार्ड आफ आनर दिया गया। केन्द्रीय गृह मंत्री सिंह ने मुनाबाव दौरे के दौरान सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियो से सुरक्षा व्यवस्था संबंधित जानकारी भी ली। इस दौरान केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मुनाबाव में कांफ्रेस हाल के समीप पौधारोपण किया। केन्द्रीय गृह मंत्री सिंह जवानो के साथ बड़े खाने में शामिल हुए। मुनाबाव में उन्होंने सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए जवानो की हौसला अफजाई की। इस दौरान केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू, राजस्थान के गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया, सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक के.के.शर्मा, बाड़मेर-जैसलमेर सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी, सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक अजय कुमार तोमर, महानिरीक्षक पुलिस हवासिंह घुमरिया, उप महानिरीक्षक एम.पी.एस.भाटी, बाड़मेर सेक्टर के उप महानिरीक्षक प्रतुल गौतम, जिला कलक्टर सुधीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक डा.गगनदीप सिंगला, बायतू विधायक कैलाश चौधरी समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथसिंह के पश्चिमी सरहद स्थित हैलीपेड पर पहुंचने पर सीमा सुरक्षा बल एवं प्रशासनिक अधिकारियो ने उनका स्वागत किया।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top