बेटे ने सौतेली मां के पेट में घोंपा चाकू, डॉक्टर ने बिना चाकू निकाले कर दिया रेफर 
बालोतरा.
राजस्थान के बाड़मेर ज़िले के बालोतरा शहर में गृह क्लेश के चलते शुक्रवार शाम एक युवक ने अपनी सौतेली मां के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे महिला घायल हो गई। घटना के बाद घर से बाहर निकली महिला को राहगीरों व पड़ौसियों ने नाहटा अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए इसे जोधपुर रेफर किया। महिला के लगा चाकू सुविधायों के अभाव में निकालने से मना कर दिया। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल टीमें गठित कर जगह-जगह दबिश दी, लेकिन आरोपित युवक हाथ नहीं लगा।
जानकारी के अनुसार पचपदरा रोड पर गुप्ता ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास स्थित स्व. पारसमल चंदेल के घर में शाम करीब 6:15 बजे पत्नी संतोष (40) के पेट में सौतेले बेटे नीतेश ने चाकू घोंप दिया। घटना के समय महिला की पुत्रियां घर की ऊपरी छत पर थी। इसके बाद महिला घर से भाग कर बाहर आई। आरोपित युवक भी मौके से भाग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसे नाहटा अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जोधपुर रेफर कर दिया।
चाकू नहीं निकाला बाहर
महिला के पेट में चाकू घोंपने के बाद नाहटा अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चाकू बाहर नहीं निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पर नाहटा अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
पुलिस के फूले हाथ-पांव
शहर के व्यस्ततम मार्ग पर स्थित रहवासीय मकान में महिला को चाकू घोंपने की घटना के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। सूचना पर थानाधिकारी गौरव अमरावत मय जाप्ता घटनास्थल पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी लेकर आरोपित युवक को पकडऩे के लिए अलग-अलग टीमें गठित की। कई संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपित हाथ नहीं लगा। आरोपित के कुछ मित्रों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। देर रात शहर में पुलिस टीमें संदिग्ध ठिकानों पर दबिशें देती रही। वहीं समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई थी, इस संबंध में मामला दर्ज नहीं हो पाया।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top