जयपुर में राहुल ने भाजपा पर साधा निशाना, जनता के अधिकारों को छीनने का आरोप 

जयपुर 
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने दलित और किसानों सहित सभी शोषितों के लिए संघर्ष करते रहने का सकंल्प दोहराया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस हमेशा से ही नागरिकों को समानता और विकास का अधिकार देने में अग्रणी भूमिका निभाती रही है। 
राजधानी जयपुर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से डॉ़ भीमराव अम्बेडकर जयंती पर आयोजित जनसभा को राहुल गांधी ने सम्बोधित किया। राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र को आगे बढाने के लिए नागरिकों को मतदान का अधिकार, आरक्षण और पंचायती राज जैसी शक्तियां दी है। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डॉ़ अम्बेडकर के सिद्धांतों के अनुरूप नागरिकों को 'वन मेन वन वोट' का अधिकार देकर उन्हें शक्तिशाली बनाया है। 
भाजपा पर साधा निशाना 
राहुल गांधी के सम्बोधन का ज़्यादातर हिस्सा भाजपा पर निशाना साधने पर केंद्रित रहा। उन्होंने भाजपा पर जनता के अधिकारों को छीनने का आरोप लगाया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकारें ऐसे कानून बना रही है जिससे पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका समाप्त हो जाए। 
उन्होंने हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में शिक्षा की अनिवार्यता व्यवस्था लागू करने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे वहां की महिलाएं चुनाव नहीं लड सकेगी और यही हाल राजस्थान में भी लागू किया जा रहा है।
राहुल को देखने उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ 
कांग्रेस के दलित सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। अपने चहेते राहुल गांधी को सुनने के लिए सुबह से ही कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। हालांकि राहुल के देरी से पहुंचने के चलते कुछ कार्यकर्ता उठकर चले गए। 
वहीँ व्यवस्था सम्भाल रहे नेताओं और वॉलेंटियर्स सभा स्थल से वापस जा रहे कार्यकर्ताओं को बैठाने की मशक्कत में जुटे रहे। राहुल जैसे ही सभा स्थल पर पहुंचे तो पूरा कार्यक्रम स्थल उनके नारों से गूंज गया। 
राजस्थान में दलितों के साथ हो रहा है अत्याचार: डूडी 
विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी ने कहा कि राजस्थान में दलितों के साथ अत्याचार हो रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने लोगों से वादे किए और कहा कि सरकार बनी तो दो साल में सारे वादों को पूरे किये जाएंगे। लेकिन आज दो साल का समय बीत जाने के बाद एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलितों के साथ है और उनके लिए वो लड़ाई लड़ेगी। 

'राहुल सबके मुंह पर ताले लगा देंगे: गहलोत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आजादी के बाद से जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने संविधान की मूल भावना को लेकर काम किया। इंदिरा व राजीव इस संघर्ष में शहीद भी हुए। आज भाजपा अंबेडकर व महात्मा गांधी का नाम लेती हैं। जबकि यही भाजपा अंबेडकर व आरक्षण के खिलाफ रही है। सत्ता में आने के लिए ये हथकंडे अपना रही है।
उन्होंने कहा जिन लोगों ने आजादी में अपनी अंगुली भी नहीं कटवाई, आरएसएस व भाजपा वाले वही लोग हैं। राहुल गांधी की बढ़ाई करते हुए गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी बाड़मेर जाकर आए हैं, एेसे में आप सोच सकते हैं कि इस व्यक्ति की सोच किस प्रकार की है। एेसा नेता इस देश को मिल रहा है। इंदिरा, सोनिया व राजीव के खिलाफ भी षड्यंत्र रचे गए। आने वाले समय में राहुल भी सबके मुंह पर ताले लगा देंगे।

महिला सीएम के बावजूद हो रहे दुष्कर्म: सचिन पायलट
प्रदेश कांग्रेस अधयक्ष सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान में महिला सीएम होने के बावजूद रोजाना एक महिला से दुष्कर्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भले ही केंद्र व राज्य दोनों जगह विपक्ष में हैं, लेकिन दलित बहनों के साथ दुष्कर्म या शोषण होता है तो 24 घंटे आपके साथ रहेंगे।
पायलट ने कहा कि आजाद भारत के बाद इतिहास में पहली बार है जब राजस्थान सरकार में कोई भी दलित कैबिनेट मंत्री नहीं है। कांग्रेस दलितों से प्रेम करती है और करती रहेगी। पार्टी दलितों के लिए संघर्ष करेगी। न्याय की लड़ाई के लिए सड़क पर भी उतरेगी।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top