हजयात्रा के दौरान भगदड़, भारतीय महिला समेत 717 की मौत
रियाद।
सऊदी अरब में मक्का शहर के मीना में हज के दौरान भगदड़ मचने से 717 हज यात्रियों की मौत हो गई और लगभग 850 लोग घायल हो गए। 
सऊदी अरब के नागरिक रक्षा विभाग ने बताया कि मक्का के पूर्वी भाग में कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित मीना में यह हादसा उस समय हुआ, जब करीब 20 लाख हज यात्री मीना में हज के लिए एकत्र थे। 
सऊदी अरब में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन यहां भेड़ो और ऊंटों की कुर्बानी दी जाती है। 
इसे हज का सबसे मुश्किल भरा दिन माना जाता है क्योंकि सभी हज यात्री इस दिन एक ही समय पर अपने धार्मिक अनुष्ठान को पूरा करने का प्रयास करते है। घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं। हज के दौरान मची भगदड़ के बाद हेल्पलाइन नंबर-00966125458000 जारी किया गया है।
मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक, हज के दौरान शैतान को पत्थर मारने की रस्म अदायगी के दौरान करीब लाखों लोग एक साथ जमा होते हैं। इस दौरान सात बार पत्थर मारने की परंपरा है। बताया जाता है कि इसी दौरान भगदड़ मच गई और यह बड़ा हादसा हो गया।
गौरतलब है कि वर्ष 2006 में 12 जनवरी को भी शैतान को पत्थर मारने की घटना के दौरान भगदड़ मची थी जिसमें 400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top