"प्रधानसेवक पर करें भरोसा, गरीब का एक-एक पाई वापस आएगा"

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को सुबह 11 बजे एक बार फिर रेडियो पर देश की जनता से अपने "मन की बात" कही। उन्होंने कालेधन पर सरकार की मंशा पर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब दिया। 
pm modi talks on black money in man ki baatउन्होंने कहा कि अगर आप उनकी बात पर विश्वास करते हैं तो अपने प्रधानसेवक पर भरोसा करें। देश के बाहर गए गरीब के एक एक पाई को वापस लाया जा एगा। हो सकता है कि उसे लाने के तरीके पर मतभेद हो सकते हैं लेकिन देश के गरीबों का पैसा वापस लाने में उनकी ओर से कोई कमी नहीं होगी, कोई कोताही नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि वह बताना चाहते हैं कि उनको या उनकी सरकार या पिछली सरकार को कालाधन के बारे में सही-सही नहीं पता है कि कुल कितना कालाधन है। हर कोई अपने-अपने अनुमान के आधार पर आंकड़ा बताता है। लेकिन वह यह कहना चाहते हैं कि उनकी सरकार एक एक पाई स्वदेश वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने "मन की बात" करते हुए कहा कि आप सभी ने हर्षोल्लास से दीवाली का पर्व मनाया होगा। यह पर्व और त्योहार जीवन में नए उत्साह का संचार करते हैं। 
उन्होंने कहा, "अपनी सोच बदलने की जरूरत है। लोग सरकारों से आगे हैं। सरकारों को बदलने की जरूरत है। मैं देख रहा हूं कि युवा भारत कुछ न कुछ करने को लालायित है। पिछली बार मैंने लोगों से खादी का वस्त्र खरीदने को कहा था, उसका परिणाम हुआ कि पिछले साल की तुलना में दुगनी बिक्री हुई है। ऎसा ही हाल सफाई अभियान में भी देखने को मिल रहा है।" 
उन्होंने कहा कि मीडिया इस अभियान को आगे बढ़ा रहा है। सामान्य लोगों को लगने लगा है कि अब वह गंदगी नहीं करेंगे। सफाई ने जन आंदोलन का रूप ले लिया है। "मैंने सोशल मीडिया पर देखा कि किसी ने अपने बच्चे का फोटो शेयर किया था। उस पर लिखा था मेरा आज का हीरो। उनका बेटा गंदगी नहीं करता है। वह स्कूल जाता है तो सफाई पर ध्यान देता है। यह काफी सुखद है।" 
उन्होंने कहा कि आजकल समाज के सभी वर्ग के लोग उनसे मिलने आते हैं वे पांच मिनट सामाजिक मुद्दों पर बात करते हैं। इससे खुशी मिलती है कि लोग बदलाव चाहते हैं। अगर हम सफाई करेंगे तो गरीब आदमी के पास बीमारियां नहीं फैलेंगी। बीमारी सबसे पहले गरीबों को लगती हैं। हम उनको अरोग्य रखकर उनकी सबसे बड़ी सेवा कर सकते हैं। 
मोदी ने कहा कि अब विशेष तौर पर प्रभावित बच्चों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वह दीवाली पर सियाचीन गए थे, उन जवानों के जज्बे और साहस के कारण ही हम दीवाली मना पाते हैं। वह उनको सैल्यूट करते हैं। 
उन्होंने कहा कि देश का युवा नशे की गिरफ्त में जा रहा है, इस बात पर अगली बार चर्चा करूंगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वे लोग अपनी बात आकाशवाणी दिल्ली के नाम पत्र लिख सकते हैं। वह जरूर उनकी बातों और सुझावों को गंभीरता से लेंगे। उनको अपने मन की बात में शामिल करेंगे।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top