मोदी की लोकप्रियता घटी,एनडीए को मिल सकती है 232 सीटें
नई दिल्ली। अगर अभी लोकसभा चुनाव होते हैं तो भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को 212 से 232 सीटें मिल सकती है। एक टीवी चैनल की ओर से कराए गए ओपिनियन पोल के मुताबिक भाजपा को 193 से 213 सीटें मिल सकती है।
छह राज्यों के सर्वे के आधार पर यह पोल कराया गया। ओपिनियन पोल के मुताबिक यूपीए दूसरे स्थान पर रहेगा। उसे 119 से 139 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को 94 से 100 सीटें मिल सकती है। सीएसडीएस और लोकनीति ने सीएनएन-आईबीएन के लिए महाराष्ट्र,तमिलनाडु,बिहार,उत्तर प्रदेश,आंध्र प्रदेश और दिल्ली में पोल किया।
ओपनियन पोल के मुताबिक भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता में कमी आई है। जनवरी के मुकाबले मोदी की लोकप्रियता में पांच फीसदी की गिरावट आई है। जनवरी में जब पोल कराया गया था तब मोदी 36 फीसदी लोगों की पीएम के रूप में पहली पसंद थे। अब सिर्फ 31 फीसदी लोग मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।
पोल के मुताबिक कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी,कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी,प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह और बसपा अध्यक्ष मायावती की लोकप्रियता में इजाफा हुआ है। हालांकि इन सभी की लोकप्रियता में मामूली बढ़ोतरी हुई है। 13 फीसदी लोग राहुल गांधी को पीएम के रूप में देखना चाहते हैं।
पोल के मुताबिक जनवरी के मुकाबले कांग्रेस और भाजपा के वोट शेयर में गिरावट आई है। 33 फीसदी लोगों ने भाजपा को वोट देने की इच्छा जाहिर की है जबकि 26 फीसदी लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का मन बनाया है। सर्वे के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस को 20 से 28,लेफ्ट को 13 से 15,एआईएडीएमके को 14 से 20,वाईएसआर कांग्रेस को 11 से 17,सपा को 11 से 17,बसपा को 8 से 14 सीटें मिल सकती है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें