बालिकाओं को आत्मरक्षा गुर सिखाने के लिए मास्टर ट्रेनर तैयार
जयपुर। 
राजस्थान पुलिस अकादमी द्वारा राज्य के महाविद्यालयों और विद्यालयों में बालिकाओं को आत्सुरक्षा के गुर सिखाने की शुरूआत की गई है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक बी.एल. सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के निर्देश पर राज्य सरकार की 60 दिवसीय कार्ययोजना के अंतर्गत बालिकाओं को आत्मसुरक्षा की यह विशेष योजना राज्य में क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने बताया कि राजस्थान पुलिस अकादमी ने इस संबंध में महिला कांस्टेबल के रूप में मार्शल आर्ट के मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए हैं। अब ये ट्रेनर जिलों में बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान करेंगें।
पुलिस महानिदेशक ओमेन्द्र भारद्वाज के निर्देशन में तैयार महिला आत्मसुरक्षा की इस विशेष योजना के लिए जिला मुख्यालयों के बालिका महाविद्यालयों और स्कूलों में महिला पुलिस कांस्टेबलों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान करना प्रारंभ भी कर दिया गया है। इसके तहत राज्य के हर जिले में 12 फरवरी से बालिका शिक्षण संस्थाओं में महिला कांस्टेबल आत्मरक्षा से जुड़ी जानकारियां और मार्शल आर्ट प्रशिक्षण दे रही हैं।
सोनी ने बताया कि राजस्थान पुलिस अकादमी ने मार्शल आर्ट प्रशिक्षण के लिए महिला कांस्टेबलों को अपने यहां विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया था। अकादमी द्वारा तैयार ये मास्टर ट्रेनर्स अब जिला मुख्यालयों के बालिका महाविद्यालयों और स्कूलों में बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखा रही हैं।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top