मुख्यमंत्री ने रैन बसेरे के मॉडल का किया अवलोकन 
जयपुर। 
मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने गुरूवार को मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर में चलते-फिरते रैन बसेरे के मॉडल का अवलोकन किया।
श्रीमती राजे ने 'सबको भोजन-सबको शरण' की भावना से तैयार किए गए चलते-फिरते रैन बसेरे के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद व्यक्तियों को सर्दी के मौसम में सुविधा मिलेगी। उन्होंने इन रैन बसेरों में बिस्तरों की उपलब्धता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्दी के बाद इन रैन बसेरों का उपयोग अक्षय कलेवा योजना के लिए किया जाए तथा इसके लिए बस में ही काउंटर बनाएं जाएं।
नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव डी.बी. गुप्ता एवं जयपुर नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री जगरूप सिंह यादव ने बताया कि नगर निगम द्वारा राजस्थान परिवहन निगम की बस को चलते-फिरते रैन बसेरे का रूप दिया गया है। रोडवेज ने इसके लिए दस बसें नगर निगम को उपलब्ध कराई हैं। ये रैन बसेरे चिकित्सालयों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर खड़े किए जाएंगे। इसके लिए दस स्थान चिन्हित किए गए हैं।
चलते फिरते रैन बसेरे में गुलाबी नगर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों को आकर्षक रूप से दर्शाया गया है। निगम द्वारा यह सुविधा आगामी कुछ दिनों में प्रारंभ कर दी जाएगी।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top