राजस्थान और एमपी कांग्रेस को मिले युवा मुखिया

राजस्थान और एमपी कांग्रेस को मिले युवा मुखिया
जयपुर। 
विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पाताल में चले गए कार्यकर्ताओं के मनोबल को फिर से आसमान की ऊंचाईयों पर पहुंचाने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने राजस्थान में सांसद सचिन पायलट और मध्यप्रदेश में सांसद अरूण यादव पर भरोसा जताया है। 
कांग्रेस नेतृत्व ने सोमवार को दोनों प्रदेशों में पार्टी के नए प्रदेशाध्यक्षों के नामों पर जारी अटकलों को समाप्त करते हुए दोनों सांसदों की इन पदों पर नियुक्ति की घोषणा कर दी। 
राजस्थान के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ.चन्द्रभान के स्थान पर अजमेर सांसद पायलट राजस्थान के नए पार्टी प्रदेशाध्यक्ष होंगे। जबकि खंडवा सांसद यादव मध्यप्रदेश में पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया का स्थान लेंगे। 
सूत्रों के अनुसार पिछले सप्ताह ही कांग्रेस की मुखिया सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सचिन के नाम पर सहमति दे दी थी। सचिन राहुल के करीबी भी माने जाते हैं, ऎसे में यह भी खबर है कि राहुल ने स्वयं पिछले सप्ताह उन्हें बुला कर इस जिम्मेदारी के बारे में पहले उनकी राय जान ली थी।

युवा कंघों पर वजन भारी
दोनों ही प्रदेशों में कांग्रेस ने युवा पीढ़ी के नेताओं को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह जिम्मेदारी दोनों को ही ऎसे समय में मिली है, जबकि दोनों प्रदेशों में पार्टी ने विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है। 

ऎसे में दोनों के सामने पार्टी नेताओं की तकरार को समाप्त करना, मनोबल हार चुकी पार्टी को फिर से खड़ा करना जैसी चुनौतियों से जूझना होगा। तात्कालिक और बड़ी जिम्मेदारी यह होगी कि वे कम समय में जनता के बीच फिर से पार्टी के प्रति विश्वास जगाएं, ताकि निकट आए लोकसभा चुनाव में फिर से पार्टी को प्रदर्शन सुधर सके। 

दोनों ही पूर्व दिग्गजों के पुत्र

अरूण और सचिन दोनों में एक बड़ी समानता यह है कि ये दोनों ही राजस्थान और मध्यप्रदेश में पार्टी के दिग्गज रह चुके नेताओं के पुत्र हैं। सचिन पूर्व केन्द्रीय मंत्री और दिवंगत कांग्रेसी नेता राजेश पायलट के पुत्र हैं। जबकि अरूण भी मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष दिवंगत सुभाष यादव के पुत्र हैं। सचिन इससे पहले दौसा से भी सांसद रह चुके हैं। 

21 जनवरी को संभालेंगे पदभार


प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अर्चना शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पायलट 21 जनवरी को प्रात: 11 बजे प्रदेश कांग्रेस के इन्दिरा गांधी भवन स्थित मुख्यालय पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार सम्भालेंगे । इसी दिन दोपहर 2.30 बजे प्रदेश चुनाव समिति की बैठक भी बुलायी गई है जिसमें आगामी लोकसभा चुनावों के बारे में चर्चा की जायेगी।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top