राजस्थान में किसानों को मिलेगा पांच रूपये में खाना

किसानों को मिलेगा पांच रूपये में खाना
जयपुर।
 बढ़ती महंगाई के इस जमाने में एक राहत भरी खबर है। राजस्थान में किसानों को अब पांच रूपये में भोजन कराया जाएगा। खाने में किसानों को छाछ, रोटी और सब्जी परोसी जाएगी। ये भोजन राज्य सरकार के 60 दिनी कार्य योजना के तहत किसान कलेवा योजना में उपलब्ध होगा। ये योजना कृषि मंडियों में आने वाले किसानों पर लागू होगी। इस योजना का प्रस्ताव शनिवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की अध्यक्षता में हुई कृषि एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक में पेश किया गया। 

इस दौरान राजे ने निर्देश दिया कि किसानों को खाद-बीज की ठीक जानकारी दी जानी चाहिए, जिससे फसल उत्पादन में बढ़ोतरी हो। वहीं फसल का पूरा मूल्य भी मिले। 

बहरोड़ में बनेगा टयूलिप के फूलों का पार्क
बैठक में दिए गए प्रजेंटेशन में बताया गया कि अलवर जिले के बहरोड़ में जयपुर-दिल्ली हाइवे पर ट्यूलिप और लिलिनम फूलों का पार्क बनाया जाएगा। इसके अलावा टोंक जिले के देवड़ावास गांव मे जैतून पार्क बनाया जाएगा। साथ ही बागवानी में फ्लोरीकल्चर निदेशालय बनाया जाएगा। इसके अलावा गायों के संरक्षण के लिए गौपालन मंत्रालय भी बनाया जाएगा। इस का जिक्र भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में भी किया था। 

जैविक कृषि को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में मुख्यमंत्री राजे ने जैविक कृषि को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहाकि विशेषज्ञों की मदद से किसानों को इस संबंध में जानकारी दी जाएगी। राजे ने कहाकि किसानों को मधुमक्खी पालन, जैतून और खजूर की खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा। राजे ने कहाकि किसानों को खेत की मिट्टी का परीक्षण कराकर कार्ड दिया जाएगा। जिससे खेती में मदद मिल सके। राज्य में बहुतायत से होने वाली फसलों के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top