"आप" न किसी को समर्थन देगी,न लेगी 
नई दिल्ली।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में इतिहास रचने वाली आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट कर दिया कि उनकी पार्टी रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और सरकार बनाने के लिए न किसी को समर्थन देगी और न किसी से सहयोग लेगी। केजरीवाल ने चुनाव नतीजों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि जनता ने उनकी पार्टी में जो विश्वास किया है उस पर खरा उतरने के लिए वह कोई कोर कसर नहीं छोडेंगे। 

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जोड़ तोड़कर सरकार बनाने में विश्वास नहीं रखती है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि आप विधानसभा में रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाकर जनता से जुड़ी समस्याओं को जोर-शोर से उठाएगी और उसका निदान करने के लिए सरकार को बाध्य करेगी। उन्होंनेे एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि आप सरकार बनाने के लिए न किसी पार्टी को समर्थन देगी और न ही अपनी सरकार बनाने के लिए किसी से सहयोग लेगी। 

विधानसभा चुनाव में ऎतिहासिक जीत से उत्साहित केजरीवाल ने यह संकेत भी दिए कि आप आगामी लोकसभा चुनावों में भी किस्मत आजमाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और महंगाई से त्रस्त दिल्ली की जनता ने उनकी पार्टी में भरोसा व्यक्त किया है और वह इस भरोसे को कायम रखते हुए पूरे देश की जनता का समर्थन मांगेेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूरे देश से भ्रष्टाचार खत्म होगा। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा को आगाह किया कि वे जनहित की अनदेखी करना छोड़ दें, वर्ना पूरे देश में उनका हश्र बुरा होगा, क्योंकि आम आदमी जब उठ खड़ा होता है तो मजबूत से मजबूत सिंहासन भी डोल जाता है। 

भ्रष्टाचार के खिलाफ सामाजिक आंदोलन की बुनियाद पर आप को खड़ी करने वाले पूर्व नौकरशाह ने कहा कि निवर्तमान मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से उनकी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं थी। उनके साथ सैद्धान्तिक लड़ाई थी। उनकी लड़ाई भ्रष्टाचार और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस सरकार की नाकामियों के खिलाफ थी। आप को भरपूर सहयोग देने के लिए राजधानी की जनता का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने अपनी पार्टी के विजयी उम्मीदवारों को आगाह भी किया कि वे जनता की तन, मन और धन से वैसी ही सेवा करें जैसी सेवा हम अन्य दलों के नेताओं से चाहते रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि आप की जीत आम आदमी की जीत है। यदि ऎसा नहीं होता तो कांग्रेस के दिग्गज मंत्रियों और उम्मीदवारों को आप का अदना सा सिपाही नहीं हरा पाता। उन्होंने आप की मुहिम में पग-पग पर साथ देने वाले कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति भी अपना आभार जताते हुए कहा कि उनके साथ जुडे लोग अपने-अपने रोजी-रोजगार छोड़कर डटे थे। उनके साथ जुड़ने वाला कोई भी व्यक्ति पैड कार्यकर्ता या समर्थक नहीं था। 

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

 
HAFTE KI BAAT © 2013-14. All Rights Reserved.
Top