वसुंधरा राजे बनी मुख्यमंत्री, शाही समारोह में ली शपथ
जयपुर।
वसुंधरा राजे ने राजस्थान के 13 वे मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण कर ली है। राज्यपाल मार्गरेट आल्वा ने राजे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण लेने के बाद राजे ने जनता का अभिवादन किया और दिग्गज नेताओं का आशीर्वाद लिया। राजे दूसरी बार राजस्थान की मुख्यमंत्री बनी हैं। समारोह में केवल वसुंधरा राजे ने ही शपथ ली।
सूत्रों के अनुसार शनिवार शाम को एक दर्जन मंत्रियों को शपथ दिलवाई जा सकती हैं। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजनीतिक भिन्नता को किनारे कर वसुंधरा राजे और नरेन्द्र मोदी को जीत के लिए बधाई दी। गहलोत मोदी से गले मिले और गर्मजोशी के साथ वसुंधरा को बधाई भी दी।
80 हजार से ज्यादा लोग आए
इससे पहले राजे ने संतों और धर्म गुरूओं से भाी आशीर्वाद लिया। शपथ ग्रहण समारोह में लगभग 80 हजार से ज्यादा लोग मौजूद थे। लोगों को जहां जगह मिली वे वहीं से शपथ ग्रहण समारोह को देखने लगे। समारोह को दिखाने के लिए 20 टीवी स्क्रीन भी लगाई गई।
मंच पर मौजूद रहे ये नेता
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, भाजपा प्रवक्ता साइना एनसी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद हेमामालिनी, हरियाणा जनकांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप विश्Aोई, नीतिन गडकरी, दार्जिलिंग से सांसद जसवंत सिंह, डॉ. हर्षवर्घन, सुशील कुमार मोदी, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, यशोधरा राजे, जोधपुर के पूर्व महाराजा गजसिंह, वैंकेया नायडू, अनंत कुमार, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे मंच पर मौजूद हैं। वहीं कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मंत्री स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल और डॉ.चन्द्रभान भी कार्यक्रम में आए हैं।
पार्टी कार्यालय पहुंच राजे ने पढ़ाया अनुशासन
शपथ लेने से पहले वसुंधरा राजे भाजपा कार्यालय पहुंची। यहां पर राजे ने जीत के लिए कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहाकि कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से ख्याल रखा जाएगा। ये कार्यकर्ताओं की ही मेहनत है कि आज पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आई है। उन्होंने जीते हुए विधायकों से कहाकि आप लोग जीत कर आए है इस बात का ध्यान रहे। जनता को आप से उम्मीदें हैं। जनता को परेशानी न हो और अनुशासन से सरकार चले, इसकी जिम्मेदारी आपकी है।
बस से पहुंचे विधायक
निर्वाचित हुए विधायक बस में सवार होकर शपथ ग्रहण स्थल पर पहुंचे। इनके अलावा विभिन्न धर्मगुरू भी शपथ समारोह में पहुंचे हैं। शुक्रवार को केवल वसुंधरा राजे ने ही शपथ ली।
हवाई अड्डे पर पारंपरिक स्वागत
जयपुर हवाई अड्डे पर राजे के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आने वाले अतिथियों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। उनका तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ता पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा पहने हुए मौजूद रही।
पुलिस बैंड ने बिखेरी स्वरलहरियां
समारोह के दौरान पुलिस बैंड ने विभिन्न धुनें बजाई। इसके अलावा शपथ ग्रहण से पहले और बाद में भी राष्ट्रीय धुन पुलिस बैंड ने बैगपाइपर पर बजाई।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें