सड़क दुर्घटना में 12 जातरूओं की मौत, नौ घायल
जोधपुर/बालेसर। राजस्थान के जोधपुर जिले में जैसलमेर रोड पर मंगलवार देर रात को ट्रक व क्रूजर की भिड़ंत में बारह जनों की मौत हो गई, जबकि नौ घायल हो गए। सभी एक ही परिवार के थे और गुजरात के पंचमहल जिले के रहने वाले थे। कू्रजर में सवार 21 लोग रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे।
वृत्ताधिकारी (बालेसर) हिमांशु शर्मा के अनुसार पंचमहल जिले में वेजलपुर गांव निवासी एक परिवार से जुड़े करीब 21 लोग क्रूजर में सवार होकर दर्शन के लिए जैसलमेर जिले के रामदेवरा जा रहे थे। आधी रात बाद करीब एक बजे बालेसर से दो-ढाई किमी कुई जोधा गांव में पेट्रोल पंप के समीप क्रूजर सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। क्रूजर ट्रक के साइड में फंस कर बुरी तरह पिचक गई।
उसमें सवार जातरू क्षतिग्रस्त जीप में फंस गए और जोर से चिल्लाने लगे। वहां से निकल रहे वाहन चालक व अन्य ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। बाद में पुलिस व बालेसर के ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो बच्चे, चार महिलाएं व एक पुरूष का दम टूट चुका था।
गम्भीर घायल चौदह जनों को निजी वाहनों से जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल भिजवाया गया, जहां चार और महिलाओं को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। संभवत: उनकी रास्ते में ही मृत्यु हो गई थी। बुधवार दोपहर घायल प्राची का भी दम टूट गया। घटनास्थल पर दम तोड़ने वाले सातों व्यक्तियों के शव दोपहर में यहां एमडीएमएच की मोर्चरी में रखवा दिए गए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित किया है। जिनके दोपहर बाद यहां पहुंचने की उम्मीद है।
ये हुए घायल
कूजर में सवार वेजलपुर निवासी प्रेरणा बेन, तेजल, संगीता, चालक वनराज, मधुबहन, सुनील, राहुल, उसकी पत्नी नीलम और उनका नौ माह का पुत्र धु्रव घायल हो गए। सुनील की हालत गम्भीर बनी हुई है। उसे सर्जिकल आईसीयू में भर्ती किया गया है। अप्रत्याशित रूप से धु्रव के चोटें नहीं आई। जिसके चलते सार-संभाल के लिए उसे लवकुश संस्थान भेजा गया है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें